जूली बोले- जो BJP से सहमत नहीं, उसे पाकिस्तानी बन जाता है, डोटासरा का भी कैलाश चौधरी पर तीखा पलटवार

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कैलाश चौधरी के हवा हवाई वाले बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जनता ने ये बता दिया है कि कौन हवा-हवाई नेता है। कैलाश चौधरी को आगे से आदेश मिले हैं, इसलिए वो मदन राठौड़ की जगह पर घूम रहे हैं।
दूसरी तरफ, टीकाराम जूली ने कहा कि बीजेपी आजकल एक नया कॉन्सेप्ट लेकर आई है। वो बीजेपी की बातों से सहमत नहीं है, उसे पाकिस्तानी बता दो। साथ ही, हनुमान बेनीवाल और मदन राठौड़ के बीच विवाद को लेकर कहा कि मदन राठौड़ ने जैसी भाषा कही, ऐसा राजनीति में किसी को भी नहीं कहना चाहिए।
दरअसल, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली कोटा जाते वक़्त बीच रास्ते टोंक के पास रुके और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में डोटासरा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी द्वारा उन्हें “हवा-हवाई नेता” कहे जाने पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जनता चुनाव में यह तय कर चुकी है कि असल में कौन हवा-हवाई बना हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री रहने के बावजूद कैलाश चौधरी चुनाव हार गए, जबकि जनता ने मुझे जीताकर विधानसभा भेजा।
डोटासरा ने राज्य सरकार पर किसानों, युवाओं और छात्रों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार किसानों के लिए फसल बीमा, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर बार-बार फेल हो रही है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बार-बार दिल्ली दौरे कर रहे हैं, लेकिन राजस्थान के लिए कोई बड़ा काम या फायदा नहीं किया है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी अपने विरोधियों के खिलाफ आजकल नए तरीके से कार्रवाई करती है। बीजेपी नया कॉन्सेप्ट लाई है। जो भी बीजेपी के खिलाफ होता है या उनकी विचारधारा से मेल नहीं खाता, उन्हें पाकिस्तानी या फिर एंटी-नेशनल कह दिया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना और असहमति को सम्मान मिलना चाहिए, न कि उसे देशभक्ति से जोड़कर देखा जाना चाहिए।
इस लिंक को शेयर करें

