जैसलमेर कोतवाल का तबादला होते ही खुशी से झूमे ABVP कार्यकर्ता, थाने के बाहर 6 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे थे छात्र

जैसलमेर कोतवाली थाने के बाहर पिछले करीब 6 दिनों से धरने पर बैठे एबीवीपी कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन अनशन शनिवार रात को खत्म हो गया। एबीवीपी कार्यकर्ता कोतवाली एचएचओ के तबादले की मांग कर रहे थे। शनिवार को जोधपुर रेंज के आईजी ने आदेश जारी कर जैसलमेर शहर के एसएचओ सुरजाराम का तबादला पाली में कर दिया। तबादले का आदेश मिलते ही वहां मौजूद बीजेपी नेताओं ने ज्यूस पिलाकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं का अनशन खत्म करवाया।
आईजी ने किया तबादला
बता दें कि करीब 6 दिनों से एबीवीपी कार्यकर्ता एचएचओ सुरजाराम और हेड कांस्टेबल दीपेंद्र सिंह पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर धरने पर बैठे थे। वहीं एबीवीपी के दो छात्र नेता महेंद्र सिंह और करणपाल बुधवार से ही भूख हड़ताल पर बैठे थे।
इसके बाद शनिवार शाम को जोधपुर रेंज के आईजी सत्येंद्र सिंह ने प्रशासनिक आधार पर कई पुलिस निरीक्षकों के तबादले कर दिए। इस सूची में सूरजाराम का नाम भी शामिल था। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जमकर खुशी मनाई।
धरना स्थल पर अनशन खत्म करवाने के लिए कई बीजेपी नेता पहुंचे थे। जिसमें सवाई सिंह गोगली, अरूण पुरोहित, सुनीता भाटी, छुग सिंह सोढ़ा समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल थे। वहीं इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रेंज स्तर पर किए गए ये तबादले प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
इस लिंक को शेयर करें

