'जादूगर को जादू करने दो...', बीकानेर में रेल मंत्री ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर साधा निशाना, बीकानेर-साबरमती रेल सेवा का शुभारंभ

बीकानेर में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जादूगर को जादू करने दो, हम अपना काम कर रहे हैं, हमें अपना काम करने दो। इस दौरान वैष्णव ने पूर्व सीएम का नाम नहीं लिया। केंद्रीय मंत्री ने आज बीकानेर-साबरमती रेल सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रेलवे का नेटवर्क तेजी से विकसित किया जा रहा है। देश की सीमाओं तक रेल सेवा पहुंचाने का हमारा प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि अनूपगढ़ और खाजूवाला तक रेल सेवा शुरू करने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है।
रेलमंत्री ने कहा कि लंबे समय से बीकानेर को अहमदाबाद से जोड़ने की मांग की जा रही थी। उनकी मांग को पूरा करते हुए बीकानेर से साबरमती के लिए अब प्रतिदिन रेल सेवा शुरू की गई है। इससे व्यापारियों और आम लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। वहीं योग दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस प्रकार स्वामी विवेकानंद ने विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई थी, उसी प्रकार पीएम मोदी ने आज योग को वैश्विक पहचान दिलाई।
युवाओं के लिए काम कर रही सरकार
रेल मंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए नए विश्वविद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। रोजगार के नए अवसर इसके जरिए उत्पन्न हो रहे हैं। अब देश सेमीकंडक्टर चिप का निर्माण कर रहा है। इसके साथ ही भारत अब हथियारों का निर्यात कर रहा है और इसके साथ ही रेलवे का इंजन भी हम निर्यात कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के 60 साल के शासन की तुलना मोदी जी के 12 सालों के कामों से की जानी चाहिए। कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान को पर्याप्त बजट नहीं मिलता था।
इस लिंक को शेयर करें

