पंचायत चुनाव से एक दिन पहले बाड़मेर में कांग्रेस प्रत्याशी की मौत, खेत में पेड़ से लटका मिला शव

Barmer: राजस्थान में पंचायत समिति चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले बाड़मेर जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। मांगता पंचायत समिति के वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस प्रत्याशी मोहनलाल (45) का शव बुधवार सुबह उनके खेत में एक पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मोहनलाल पुत्र पूनमाराम बाड़मेर जिले की मांगता पंचायत समिति से चुनाव लड़ रहे थे। बुधवार तड़के करीब 4 बजे वह अपने खेत की तरफ गए थे। बाद में ग्रामीणों ने खेत में पेड़ से लटका उनका शव देखा। इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतरवाया गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गुड़ामालानी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
सदर थाना अधिकारी देवीचंद ढाका के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की आशंका जताई गई है। हालांकि, मोहनलाल की मौत के पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कल होना है मतदान
मोहनलाल मांगता पंचायत समिति के वार्ड नंबर 8 से चुनाव मैदान में थे। इस वार्ड में भाजपा की ओर से भभूताराम और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) से ओमप्रकाश भी प्रत्याशी बताए गए हैं। पंचायत समिति के पहले चरण का मतदान 22 अक्टूबर को होना है। ऐसे में मतदान से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस प्रत्याशी की मौत की खबर से स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी शोक है।
इस लिंक को शेयर करें

