बाड़मेर में मां-बेटे की डिग्गी में डूबने से मौत, सेल्फी लेते समय पैर फिसला, बेटे को बचाने के लिए कूदी थी मां

Barmer mother son drowning incident: बाड़मेर से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां बानो की बेरी दूध गांव में रविवार सुबह मां के साथ सेल्फी लेते समय मासूम खेत में बने अस्थायी टैंक यानी डिग्गी में गिर गया। इसके बाद बचाने के लिए मां भी डिग्गी में कूद गई। घटना में डूबने से दोनों की मौत हो गई। जिस समय यह घटना हुई उस समय परिवार के अन्य लोग किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव डिग्गी से बाहर निकाले।
मामले में बाड़मेर के सदर थाना अधिकारी करतार सिंह ने बताया कि जीयो देवी 30 पत्नी गोसाईराम अपने 7 साल के बेटे को डूबता देख पानी में कूद गई। लेकिन डिग्गी की गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों की डूबने से मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव धोरीमन्ना स्थित हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाए हैं। मामले में मृतका के भाई जालाराम ने बताया कि उसकी बहिन तीन दिन पहले भांजे के साथ पीहर आई थी। वहीं रविवार को परिवार के अन्य लोग एक शादी के कार्यक्रम में गए हुए थे।
सेल्फी लेते समय हुआ हादसा
घर पर जीयो देवी और उनका बेटा ही थे। रविवार सुबह मां-बेटे घर के पास बनी डिग्गी के पास पहुंचे। इस दौरान बेटा हितेश मां के साथ डिग्गी के किनारे पर खड़े होकर सेल्फी ले रहा था। इस दौरान उसका पांव फिसल गया और वह पानी में गिर गया। गहराई ज्यादा होने के कारण हितेश पानी में डूबने लगा। बेटे को डूबता देखकर मां ने भी पानी में छलांग लगा दी। जीयो देवी को तैरना नहीं आता था वह भी पानी में डूब गई।
डिग्गी खाली कर निकाले गए शव
इसके बाद स्थानीय लोगों चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। पानी की गहराई देखकर किसी ने पानी में उतरने की हिम्मत नहीं की। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बुलडोजर की मदद से डिग्गी के एक तरफ से मिट्टी हटाई। इसके बाद दीवार तोड़कर पानी को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए।
इस लिंक को शेयर करें

