सीएम के गृह जिले में बदमाशों का आतंक, भरतपुर में एक ही रात में दो व्यापारियों को गोली मारी, पैसों से भरा बैग लूटा

Bharatpur crime news: सीएम भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है। यहां पर एक ही दिन में बदमाशों ने अलग-अलग जगहों पर दो व्यापारियों को निशाना बनाया। इस दौरान बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। दोनों घटनाओं में घायल हुए व्यापारियों का आरबीएम हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। वहीं एक व्यापारी को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद शहर के व्यापारी गुस्से में है। सूचना के बाद एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं आरोपियों को पकड़ने के लिए एसपी ने 10 टीमें बनाई है। अब सिलेसिलेवार तरीके से समझते हैं कैसे घटना घटी?
पहली घटना
बदमाशों की गोलीबारी में घायल हुए व्यापारी प्रमोद कुमार मित्तल के बेटे निशांक ने बताया कि उनके पिता की मथुरा गेट क्षेत्र में किराने की दुकान है। शनिवार रात को 9 बजे मैं अपने पिता के साथ घर लौट रहा था। घर से 400 मीटर दूर बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने कट्टा दिखाया और पैसों का बैग सौंपने की बात कही। इसके बाद पिता ने 60 हजार रुपये से भरा बैग बदमाशों को सौंप दिया। इसके बावजूद बदमाशों ने तीन राउंड गोलियां चलाई। इसमें से एक गोली पिता के गर्दन के निचले हिस्से में लगी और वे सड़क पर गिर गए।
इसके बाद मैंने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पिता को बाइक पर बैठाया और हॉस्पिटल पहुंचाया। फिलहाल पिता का इलाज चल रहा है। गोली अभी उनके शरीर में ही धंसी है।
दूसरी घटना
दूसरा मामला सुभाष नगर के रहने वाले बर्तनों के व्यापारी चंद्रभान 46 से जुड़ा है। चंद्रभान की अनाह गेट पर बर्तनों की दुकान है। चंद्रभान शनिवार को अपने किसी रिश्तेदार से 5 लाख रुपये उधार लेने गए थे। जब वे पैसे लेकर वापस लौट रहे थे इस दौरान बदमाशों ने अनोखी होटल के पास उनकी बाइक रुकवा ली और पैसों से भरा बैग छीनने लगे। हालांकि जब बदमाश इसमें सफल नहीं हुए तो उन्होंने चंद्रभान के पेट में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश बिना पैसे लिए ही फरार हो गए। घायल व्यापारी को स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचाया जहां पर देर रात उनको जयपुर रेफर किया गया है।
वहीं इस पूरे मामले में एसपी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए 10 टीमें बनाई हैं। शहर के एग्जिट पॉइंट और सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को अरेस्ट किया जाएगा।
इस लिंक को शेयर करें

