भीलवाड़ा में नाकाबंदी तोड़कर भागते तस्करों का पुलिस ने किया एनकाउंटर, एक की मौत, परिजनों का शव लेने से इनकार

Ganpatram smuggler killed: भीलवाड़ा पुलिस ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए जोधपुर के भोपालगढ़ निवासी तस्कर और हिस्ट्रीशीटर गणपतराम को एनकाउंटर में मार गिराया। जानकारी के अनुसार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को चित्तौड़गढ़ से एक संदिग्ध कार के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद भीलवाड़ा की पुर थाना पुलिस ने नाकाबंदी कर कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार सवार तस्करों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कार चला रहा तस्कर गणपतराम ढेर हो गया। जबकि दूसरे साथी को पुलिस ने दबोच लिया है।
मामले को लेकर गणपतराम के परिजन गुरुवार दोपहर को भीलवाड़ा पहुंचे। वहीं पुर थाना पुलिस ने गुरुवार शाम को न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। वहीं परिजनों ने फेक एनकाउंटर की बात कहते हुए शव लेने से इनकार कर दिया है।
तस्करों ने तोड़ी नाकाबंदी
बता दें कि बुधवार रात 11 बजे मुखबिर की सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने भीलवाड़ा बाइपास पर पुर थाने के पास नाकाबंदी लगाई। इस दौरान एक संदिग्ध कार को टीम ने रुकने का इशारा किया। लेकिन कार में बैठे तस्करों ने कार को रोकने की बजाय नाकाबंदी तोड़ दी। इसके बाद कार में बैठे तस्करों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक गोली कार चला रहे तस्कर गणपतराम को लगी और वह मौके पर ही अचेत हो गया।
पुलिस पर की फायरिंग
फायरिंग के दौरान ही भागने की कोशिश कर रहे दूसरे तस्कर महेंद्र गोदारा को पुलिस ने दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने गणपतराम को हॉस्पिटल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एनकाउंटर के बाद एसपी सागर राणा और मांडल डीएसपी राहुल जोशी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी देते हुए एसपी सागर राणा ने बताया कि कार में एमपी के नीमच से डोडा चूरा भरा था उसे तस्कर जोधपुर लेकर जा रहे थे। उन्होंने आगे बताया कि कार से 45 किलो अवैध डोडा चूरा, अवैध हथियार और अलग-अलग वाहनों की 6 फर्जी नंबर प्लेटें बरामद की गई।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
एसपी ने मृतक तस्कर गणपतराम के बारे में बताया कि वह जोधपुर का नामी हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ पूर्व में दस से अधिक मामले दर्ज थे। वहीं गुरुवार दोपहर को परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए शव लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने गाड़ी के टायर पंचर कर गणपतराम के सीने में गोली मारी। मामले में फिलहाल परिजनों ने एसपी ऑफिस को ज्ञापन सौंप कर दोषी पुलिसवालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।
इस लिंक को शेयर करें

