पुलिस पर लाठी-सरियों से हमला, हिरासत से आरोपी को छुड़ाकर ले गए 20 लोग! कॉन्स्टेबल का मोबाइल भी छीना

नापासर थाना क्षेत्र के शेरेरा गांव में पुलिसकर्मियों पर हमला कर एक आरोपी को छुड़ाकर ले जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने लाठी और सरियों से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और घटना का वीडियो बना रहे एक कॉन्स्टेबल का मोबाइल भी छीन लिया। पुलिस ने मामले में कई लोगों को नामजद करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, शेरेरा पुलिस चौकी पर तैनात कॉन्स्टेबल रामदयाल और हीरालाल एक मामले में कथित आरोपी मोडाराम को पकड़कर चौकी ले जा रहे थे। इसी दौरान कैंपर, थार और बाइक पर सवार करीब 15 से 20 लोगों ने पुलिसकर्मियों को रास्ते में घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस की कार्रवाई रोकते हुए लाठी और सरियों से हमला किया। इसमें रामदयाल की पीठ और हीरालाल के सिर पर चोट आई। हीरालाल ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
इसके बाद आरोपी मोडाराम को पुलिस की हिरासत से छुड़ाकर हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन वे खेतों के कच्चे रास्तों से निकल गए।
थानाधिकारी कविता पूनिया के अनुसार, मोडाराम के अलावा राकेश, भैराराम, चैनाराम, दुर्गाराम और जीतराम समेत अन्य लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और एक व्यक्ति को डिटेन किया गया है।
इस लिंक को शेयर करें

