बीजेपी-कांग्रेस बनेंगे एक-दूसरे के पड़ोसी, जयपुर का मानसरोवर बनेगा राजस्थान की पॉलिटिक्स का नया पावर सेंटर

BJP-congress New Office Jaipur: राजधानी जयपुर में अब बीजेपी और कांग्रेस का मुख्यालय जल्द ही एक-दूसरे के पड़ोसी बनने वाले हैं। पिछले 36 सालों से बीजेपी का मुख्यालय सी-स्कीम स्थित 51 सरदार पटेल मार्ग है। वहीं कांग्रेस का मुख्यालय सिंधी कैंप पुलिस लाइन के पास स्थित था। लेकिन अब जल्द ही दोनों पार्टियों के मुख्यालय शहर के बाहर मानसरोवर में शिफट होने जा रहे हैं।
नगरीय विकास विभाग ने कैबिनेट सब कमेटी की सिफारिशों के आधार पर बीजेपी को जयपुर में मुख्यालय के निर्माण के लिए और जोधपुर में कार्यालय निर्माण के लिए रियायती दरों पर जमीन आवंटित कर दी है। इसके साथ ही मानसरोवर स्थित वीटी रोड अब बीजेपी का नया पावर सेंटर बनने जा रहा है। जबकि मानसरोवर के शिप्रा पथ पर कांग्रेस का मुख्यालय लगभग बनकर तैयार हो चुका है। ऐसे में सालों से राजनीतिक उठापटक और धरनों का केंद्र रहा जयपुर शहर में लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अब पूरे प्रदेश की नजर जयपुर के दक्षिण भाग में स्थित मानसरोवर पर टिकी रहेगी।
30 प्रतिशत मूल्य पर आवंटित होगी जमीन
सरकार ने मानसरोवर के वीटी रोड पर 6000 वर्गमीटर का विशाल भूखंड नए प्रदेश कार्यालय के लिए स्वीकृत किया है। जबकि जोधपुर में जिला कार्यालय के लिए 3000 वर्गमीटर जमीन आवंटित की गई है। नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि दोनों प्रमुख शहरों में यह जमीन संस्थानिक दर के महज 30 प्रतिशत मूल्य पर आवंटित की जा रही है। खर्रा ने बताया कि कैबिनेट सब कमेटी के निर्णय और राज्य के तय नियमों के तहत ही आवासन मंडल के जरिए यह स्वीकृति जारी की गई है। अब बीजेपी के प्रस्तावित नए कार्यालय और कांग्रेस के निर्माणाधीन कार्यालय के बीच महज 500 मीटर का फासला रह जाएगा।
इस लिंक को शेयर करें

