बीजेपी विधायक कल्पना देवी के तीखे तेवर, अधिकारियों से बोलीं- 'बाड़मेर ट्रांसफर करवा दूंगी'

BJP MLA Kalpana Devi: कोटा की लाडपुरा सीट से बीजेपी विधायक कल्पना देवी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। विधायक ने सिंचाई और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। विधायक ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अधिकारियों को बाड़मेर ट्रांसफर करवा दूंगी। जब तक इनको बाड़मेर नहीं भेजेंगे तब तक अक्ल नहीं आएगी। इस दौरान महिला अधिकारी को कहा इनको शर्म भी नहीं आ रही है।
किसानों से नहीं ली राय
अब जान लीजिए कि विधायक इतनी गुस्से में क्यों थी? दरअसल राज्य बजट के दौरान बालापुरा लिफ्ट परियोजना के लिए 8.5 करोड़ और किशनपुरा लिफ्ट प्रोजेक्ट के लिए 8 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे। इसको लेकर सोलर सिस्टम और पाइप लाइन वितरण का काम प्रस्तावित है। किसानों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने किसानों से राय लिए बिना ही योजना की डीपीआर तैयार कर दी। इसमें किसानों की जरूरतों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। इसको लेकर किसानों ने एमएलए से शिकायत की थी। इसके बाद विधायक अधिकारियों पर गुस्सा हो गईं।
आप अपना काम सही से नहीं कर रहे
शिकायत के बाद विधायक मौके पर पहुंची और किसानों और अधिकारियों के बीच बैठक कराई। इसमें किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। किसानों की नाराजगी के बाद विधायक अधिकारियों पर बरस गईं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अगर किसान संतुष्ट नहीं है तो इसका मतलब आप अपना काम सही तरीके से नहीं कर रहे हो। इस दौरान विधायक ने कहा कि लगता है आपको बाड़मेर भेजना पड़ेगा। ऐसे में अब विधायक के हस्तक्षेप के बाद अधिकारियों और किसानों के बीच विस्तृत चर्चा कर योजनाओं को किसानों के अनुरूप बनाया जा रहा है। बता दें कि बैठक के दौरान जल संसाधन विभाग की एईएन अदिति गुप्ता, जेईएन कीर्ति नागर और हेमंत सैनी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि इस प्रकार की लापरवाही आगे से नहीं होनी चाहिए।
ये भी पढ़ेंः झुंझुनूं में ग्रेनेडियर सुनील कुमार का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, 17 दिन पहले पत्नी ने बेटे को दिया था जन्म
ये भी पढ़ेंः Kotputli Mining Mafia Firing: कोटपुतली में अवैध खनन के खिलाफ धरने पर बैठे लोगों पर फायरिंग, 5 ग्रामीण घायल, जानें पूरा मामला
इस लिंक को शेयर करें

