'चायवालाज' के फाउंडर रोहित शर्मा ने की आत्महत्या, कमरे में फांसी लगाकर दी जान

Chaiwalas founder Rohit Sharma Suicide: राजस्थान के युवा इंटरप्रेन्योर और ‘चायवालाज’ स्टार्टअप के फाउंडर रोहित शर्मा ने शनिवार दोपहर अपने दौसा वाले घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में साकेत कॉलोनी में हुई।
शनिवार को जब रोहित अपने कमरे से बाहर नहीं निकले, तो परिवारवाले उन्हें बुलाने के लिए कमरे में गए, जिसका दरवाज़ा बंद था। कमरे में कोई हलचल नहीं होने और दरवाज़ा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया, जहाँ रोहित फंदे से लटके मिले। उन्हें तुरंत नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फ़िलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिससे आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सके। पुलिस अन्य कारणों की जांच कर रही है।
कम उम्र में बिज़नेस किया, फिर अध्यात्म चुना
रोहित ने 17 वर्ष की उम्र में ही नर्सिंग की पढ़ाई करने के दौरान अपना स्टार्टअप ‘चायवालाज़’ शुरू किया था। उन्होंने जयपुर के मानसरोवर शिप्रा पथ पर पहला चाय कैफे खोला था। बाद में इसे बढ़ाते हुए सात आउटलेट चलाए। 2022 में उन्हें नेशनल MSME अवॉर्ड मिला था। लेकिन करीब छह महीने पहले उन्होंने अपने सभी आउटलेट्स को बंद कर दिया और अध्यात्म के रास्ते पर चले गए। उन्होंने किताब ‘तत्सुखे सुखित्वं’ भी लिखी, जो बेस्टसेलर बनी। सोशल मीडिया पर भी उन्होंने अपना नाम बदलकर रोहित शिवोहम कर लिया था।
परिवार पर गिरी बिजली
रोहित के पिता हितेंद्र मोहन शर्मा मेडिकल स्टोर चलाते हैं। रोहित की पत्नी प्राइवेट स्कूल में टीचर है और उनका एक सात साल का बेटा भी है। रोहित की अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
इस लिंक को शेयर करें

