चूरमा-बाटी बनाने से किया मना, पति ने पत्नी की गला घोंटकर कर दी हत्या

Chittorgarh Husband Murder Wife over Churma Bati: एक आदमी ने अपनी पत्नी की सिर्फ इस बात को लेकर हत्या कर दी कि उसकी पत्नी ने चूरमा बाटी बनाने से मना कर दिया था। जी हाँ, राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के मांगरोल गांव में एक चौंकाने वाली हत्या का मामला सामने आया है, जहाँ पत्नी के चूरमा-बाटी बनाने से मना करने पर नाराज पति ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और इसे लूट दिखाने के लिए गहने चोरी करके छिपा दिए। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को 36 वर्षीय रतनीबाई अपनी भैंस को चराने के लिए खेत गई थीं। शाम तक जब वह घर नहीं लौटी, तो घरवालों ने तलाशी शुरू की। कुछ समय बाद जेके फैक्ट्री के पास चट्टानों के बीच रतनीबाई का शव मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने गला घोंटने को मौत की वजह बताया।
हत्या को दिया लूट का रूप
वारदात को लूटपाट दिखाने के लिए आरोपी पति ने मृतका के जेवर, मांगलिया और पायजेब उतार लिए और दूसरे खेत में छिपा दिए। इसके बाद खुद अस्पताल में भर्ती होकर बीमारी का नाटक करने लगा।
क्यों की पति ने हत्या
पुलिस ने मामले में गहन तहकीकात के बाद मृतका के पति नानालाल प्रजापत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि गांव में सभी लोग अच्छी बारिश की इच्छा से चूरमा-बाटी बना रहे थे। नानालाल ने भी अपनी पत्नी को खेत पर न जाने और घर पर चूरमा बाटी बनाने को कहा, लेकिन रतनीबाई ने मना कर दिया और भैंस को चराने के लिए खेत पर ले गयी। गुस्सा हुआ नानालाल पीछे-पीछे खेत पहुंच गया। वहां दोनों की लड़ाई हो गयी और पति ने भैंस बांधने वाली रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।
एसपी योगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों के बीच घर में अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जेवर बरामद किये और घटना का सीन भी रीक्रिएट कराया।
इस लिंक को शेयर करें

