"सबको पानी तो मैं ही पिलाऊंगा", यमुना समझौते के बीच वायरल हुआ CM भजनलाल का पुराना वीडियो

CM Bhajan Lal Sharma Video Viral: राजस्थान और हरियाणा के बीच यमुना जल बंटवारे को लेकर हुए MoA के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुख्यमंत्री राजस्थान के हिस्से के यमुना जल को हर हाल में लाने का संकल्प लेते दिखाई दे रहे हैं। ये वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से लंबित यमुना जल समझौते को लेकर नई पहल हुई है। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह के सामने इस समझौते पर साइन किए हैं।
“सबको पानी तो मैं ही पिलाऊंगा”
वीडियो में भजनलाल शर्मा कहते नजर आ रहे हैं कि, “मैंने पहले भी कहा था और आज भी कह रहा हूं, शेखावाटी वालों को पानी तो मैं ही पिलाऊंगा, आपको चिंता मत करिए, पानी तो आएगा, आप क्यों चिंता ले रहे हैं। आप तो ERCP आ रही है उसका आनंद लीजिए।“
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल का ये वीडियो अब खासा चर्चा में है। जब राजस्थान और हरियाणा के बीच MoA पर साइन हो चुके हैं, तब इस पुराने बयान को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है। अब राजस्थान के लोगों का यमुना जल पर वैधानिक अधिकार है और राज्य के हिस्से का पानी हर कीमत पर दिलाया जाएगा।
यमुना जल परियोजना पर 32 साल का विवाद खत्म
राज्य सरकार का दावा है कि इस समझौते से पूर्वी राजस्थान के कई जिलों को भविष्य में पेयजल और सिंचाई के लिए राहत मिलेगी। यमुना जल परियोजना को सरकार 32 साल से लंबित इस प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट के रूप में आगे बढ़ा रही है।
क्या था मामला?
1994 में अपर यमुना रिवर बोर्ड के तहत राजस्थान को यमुना जल में हिस्सेदारी देने पर सहमति बनी थी, लेकिन तकनीकी और प्रशासनिक कारणों के चलते ये समझौता पूरी तरह लागू नहीं हो सका। अब दोनों राज्यों के बीच हुए MoA के बाद इस लंबे समय से लंबित परियोजना को धरातल पर उतारने का रास्ता साफ हो गया है।
राजस्थान को मिलेगा बड़ा फायदा
इस समझौते से राजस्थान के जल संकट प्रभावित इलाकों, खासकर शेखावाटी क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। यमुना के पानी से पेयजल आपूर्ति मजबूत होगी, वहीं सिंचाई सुविधाओं का भी विस्तार होगा। इससे किसानों को राहत मिलने के साथ भूजल पर निर्भरता कम होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- 32 साल बाद निपटा यमुना जल समझौते का विवाद, अमित शाह की मौजूदगी में राजस्थान-हरियाणा CM ने किए साइन
इस लिंक को शेयर करें

