डकैत जगन गुर्जर की मौत, अजमेर की हाईसिक्योरिटी जेल में मिला शव

राजस्थान के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की मौत हो गई है। राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर की कासव विला हाई सिक्योरिटी जेल में उसका शव मिला है। इस घटना से पूरे पुलिस प्रशासन और सुरक्षा तंत्र में हड़कंप मच गया है। कई रिपोर्ट्स में इसे हत्या कहा गया है हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डकैत जगन गुर्जर की मौत की पुष्टि SP हर्षवर्धन अग्रवाल ने की है। उन्होंने बताया कि अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में जगन गुर्जर का शव मिला है।जिसके बाद FSL टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
कुख्यात डकैत जगन गुर्जर राजस्थान के करौली-धौलपुर और चंबल के बीहड़ इलाके में सक्रिय रहे चर्चित डकैतों में गिना जाता था। उस पर हत्या, अपहरण, फिरौती, लूट, रंगदारी और पुलिस पर हमले जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे। लंबे समय तक वो पुलिस के लिए चुनौती बना रहा और उसके सिर पर इनाम भी घोषित किया गया था।
जगन गुर्जर का नाम चंबल के बीहड़ों में सक्रिय गैंगों के साथ जुड़ता रहा। उस पर कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस कार्रवाई के बाद वह गिरफ्तार हुआ और बाद में अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद था। जेल में रहते हुए भी समय-समय पर उसका नाम आपराधिक गतिविधियों और गैंग संचालन की आशंकाओं को लेकर चर्चा में आता रहा।
इस लिंक को शेयर करें

