जयपुर में शहीद स्मारक पर डांगावास हत्याकांड के पीड़ित परिवार का प्रदर्शन, बोले- 'आखिरी सांस तक न्याय के लिए लड़ेंगे'

जयपुर के शहीद स्मारक पर आज दलित समुदाय से जुड़े लोगों ने डागांवास मामले को लेकर प्रोटेस्ट किया। इस दौरान पूरे राजस्थान से दलित समुदाय से जुडे़ लोग शहीद स्मारक पहुंचे और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बात की और मामले में हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया।
टीकाराम जूली भी पहुंचे
बता दें कि पिछले दिनों नागौर की एससी/एसटी कोर्ट ने डांगावास में 6 लोगों की हत्या के मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए 40 लोगों को बरी कर दिया। इस मामले में अब राजनीति भी शुरू हो गई है। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल डांगावास पहुंचा। जहां पर उन्होंने पीड़ितों के साथ लड़ाई जारी रखने और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं पीड़ितों का मानना है कि सीबीआई जांच के बावजूद अगर आरोपी बरी हो गए हैं तो हम शांत नहीं बैठने वाले हैं बल्कि इस पूरे मामले को लेकर हाईकोर्ट में अपील करेंगे।
जानें पूरा मामला
गौरतलब है कि 14 मई 2015 को नागौर जिले की मेड़ता सिटी तहसील के डांगावास गांव में दो समुदायों के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद में दलित समुदाय के 5 लोगों समेत 6 लोगों की हत्या हो गई। पूरा विवाद 23 बीघा जमीन को लेकर था। जाट समुदाय से जुड़े लोग लगातार इस जमीन को लेकर अपना दावा कर रहे थे। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर कोर्ट में भी विवाद चल रहा था। अब देखना यह है कि इस मामले को लेकर सरकार का पक्ष क्या रहता है? हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इस लिंक को शेयर करें

