Ajmer में 37वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में पहुंचीं डिप्टी CM दिया कुमारी, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

Ajmer: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अजमेर के चंद्रवरदाई स्टेडियम में आयोजित 37वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में शिरकत कर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, दिल्ली की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और समर्पण की सराहना की। इस दौरान दिया कुमारी ने हॉकी थामकर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत भी की।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल होकर उन्हें काफी अच्छा लगा। टूर्नामेंट को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और क्षमता को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश में खेलों को बढ़ावा मिला है। राजस्थान सरकार भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है। ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं।
कार्यक्रम में अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विद्या भारती के मंत्री सुरेंद्र अरोड़ा, जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश, पर्यवेक्षक कैलाश धननगर, नवीन झा, प्रेम शंकर, सत्यनारायण, संजय शर्मा, राजेंद्र सिंह सहित खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस लिंक को शेयर करें

