गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

Jaipur: श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजापार्क स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आयोजित गुरुपर्व कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गुरु महाराज जी के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं और आदर्श आज भी समाज को सत्य, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश देते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए मानवता, प्रेम और सद्भावना को बढ़ावा देना हम सभी का दायित्व है। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधन ने तलवार और गुरुओं का चित्र भेंट किया
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को तलवार और सभी सिख गुरुओं का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष अजयपाल सिंह, राजापार्क व्यापार मंडल के अध्यक्ष रवि नय्यर, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के सचिव रविंद्र सिंह नरूला और राजस्थान राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन जसबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। गुरुपर्व के अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा।
इस लिंक को शेयर करें

