विद्याधर नगर को मिली 14.37 करोड़ रुपए की सौगात, डिप्टी CM दिया कुमारी ने किया सीतावाली फाटक RUB का लोकार्पण

जयपुर। विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को आवागमन की बड़ी सौगात मिली है। डिप्टी CM दिया कुमारी ने आज सीतावाली फाटक पर ₹14.37 करोड़ की लागत से नवनिर्मित रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) का लोकार्पण कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
अंडर ब्रिज के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन ज्यादा सुगम और सुरक्षित होगा। साथ ही रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से आमजन को राहत मिलेगी। इससे लोगों के समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि नवनिर्मित अंडर ब्रिज से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सीवरेज का कार्य भी प्रगति पर है। विकास की इस गति को बनाए रखने के लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि विधानसभा क्षेत्र निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहे।
उन्होंने कहा कि “मेरी विधानसभा क्षेत्र की जनता ही मेरी आंख और कान है।” यदि कहीं भी कोई गलत कार्य हो रहा है तो उसकी जानकारी उन्हें दें, ताकि उस पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वही उन्होंने जयपुर स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर भी रूपरेखा तैयार करने की बात कही और कहा कि इस आयोजन में सभी क्षेत्रवासियों की सहभागिता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में जिला मंत्री भवानी शर्मा और रश्मि सैनी, नीलू जांगिड, पार्षद पिंकी शर्मा, राजेंद्र कारोड़िया, मंडल अध्यक्ष अशोक शर्मा, विनोद सैनी, माल सिंह, राकेश अग्रवाल, जयंत कुमावत, पार्षद और पार्षद प्रत्याशी, वार्ड अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, पूर्व पार्षद-पदाधिकारी, व्यापार मंडल पदाधिकारी, विकास समितियों के अध्यक्ष और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इस लिंक को शेयर करें

