खरनाल में बनेगा वीर तेजाजी का भव्य पैनोरमा, मारवाड़ मूंडवा पहुंचीं दिया कुमारी, की 2 करोड़ की घोषणा

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को नागौर जिले के मारवाड़ मूण्डवा स्थित वीर तेजा महिला शिक्षण एवं शोध संस्थान, तेजास्थली पहुंचकर लोकदेवता तेजाजी की पूजा की। इस मौके पर उन्होंने वीर तेजा महिला बीपीएड महाविद्यालय भवन का लोकार्पण किया और संस्थान परिसर में ‘उमंग समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
समारोह में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और संस्थान पदाधिकारियों ने दिया कुमारी का साफा बांधकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। बालिकाओं ने जिम्नास्टिक की भी प्रस्तुति दी।
अपने भाषण में दिया कुमारी ने छात्राओं की तारीफ करते हुए कहा कि नया कॉलेज बनने से बच्चियों को पढने के और बेहतर मौके मिलेंगे। साथ ही, उन्होंने बालिका शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए की जा रही कोशिशों की भी सराहना की।
दिया कुमारी ने सभी समाज के लोगों से अपील की कि वे आपसी सहयोग से बेटियों की अच्छी पढाई के लिए वैसा ही बेहतर सामाजिक वातावरण तैयार करें, ताकि युवा पीढ़ी उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सके।
इस मौके पर दिया कुमारी ने क्षेत्रवासियों को भी बड़ी सौगात दी। उन्होंने घोषणा की कि खरनाल के लोकदेवता तेजाजी के मंदिर के भव्य पैनोरमा का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा और इसके लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है। यह पैनोरमा न केवल वीर तेजाजी के जीवन, साहस और लोक आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएगा, बल्कि मारवाड़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान भी प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में मंत्री सुमित गोदारा, राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, संस्थान संरक्षक माधवदास मोदी, कार्यकारी अध्यक्ष संजीव डांगावास, खिंवसर विधायक रेवंतराम डांगा, मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरु, पूर्व विधायकों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस लिंक को शेयर करें

