डूंगरपुर में 3 सगे भाई बहिनों समेत 4 बच्चों की एनीकट में डूबने से मौत, 2 को ग्रामीणों ने बचाया, हादसे के बाद गांव में मातम पसरा

Dungarpur drowning incident: राजस्थान के डूंगरपुर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां धंबोला थाना क्षेत्र में स्थित एक गांव के एनीकट में नहाने गए 6 बच्चों में से 4 की डूबने से मौत हो गई। मरने वाले मासूमों में से 3 तो एक ही परिवार के सगे भाई-बहिन बताए जा रहे हैं। घटना को लेकर पूरे गांव में मातम पसरा है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों बच्चों के शव हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाए हैं। वहीं बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर कोई इस हादसे के कारण दुख में है।
छुट्टी होने से नहाने निकल गए थे बच्चे
रविवार का दिन होने के कारण बच्चे स्कूल नहीं गए थे। ऐसे में गांव के पास ही बने एनीकट पर बच्चे नहाने के लिए चले गए। नहाने के लिए जैसे ही बने पानी में उतरे तो पानी गहरा होने के कारण बच्चे डूबने लगे। इस दौरान आसपास मौजूद ग्रामीण बच्चों को बचाने के लिए दौड़े। ऐसे में 2 बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि इस दौरान 4 बच्चे पानी में डूबकर मर गए। हादसे के बाद बचाए गए दोनों बच्चों को तुरंत ग्रामीणों ने हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।
ग्रामीणों ने 2 बच्चों को डूबने से बचाया
हादसे की भयावहता को देखते हुए ग्रामीणों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से डूबे 4 बच्चों के शव को पानी से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते वे पहुंच गए नहीं तो बचाए गए दोनों बच्चे भी डूब सकते थे। फिलहाल पुलिस ने चारों बच्चों के शव को सीमलवाड़ा स्थित सीएचसी में रखवाया है। जहां डॉक्टरों की टीम पोस्टमार्टम करेगी। मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बच्चों के परिजनों को सांत्वना दी।
फिलहाल पुलिस लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है। एनीकट के पास सुरक्षा के क्या इंतजाम थे इसको लेकर भी पड़ताल की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सभी एनीकटों, तालाबों और बांधों में गहराई वाले स्थान पर फेंसिंग कराई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना ना हो।
इस लिंक को शेयर करें

