हनुमान बेनीवाल का बड़ा दांव, पंचायत चुनाव में अकेले उतरेगी RLP

राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों की सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की नींद उड़ानी शुरू कर दी है राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी यानी RLP ने। ग्रामीण अंचलों में अपनी राजनीतिक पकड़ को और अधिक मजबूत करने और एक मजबूत 'तीसरे विकल्प' के रूप में उभरने के उद्देश्य से RLP ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी कड़ी में पार्टी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में जयपुर स्थित पार्टी कार्यालय और आवास पर प्रदेश स्तरीय चुनाव समिति की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के टिकट वितरण को लेकर जिलावार गहन मंथन किया गया और पार्टी ने जल्द ही अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के संकेत दिए हैं।
अकेले दम पर मैदान में उतरेगी RLP
बैठक के दौरान पार्टी प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने बिल्कुल स्पष्ट कर दिया कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी आगामी पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव किसी के साथ गठबंधन के बिना, पूरी ताकत के साथ अकेले अपने दम पर लड़ेगी। पार्टी का मुख्य जोर ग्रामीण इलाकों में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने और युवाओं तथा किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर है। इस बैठक में पार्टी के कई दिग्गज नेता और प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने चुनावी कार्ययोजना को अंतिम रूप देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री दिलीप चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन को बिल्कुल निचले यानी बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए आगामी दिनों में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ओसियां, जैतारण और लूणकरणसर सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में लगातार कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि पार्टी की जमीनी पकड़ को और मजबूत किया जा सके। सांसद हनुमान बेनीवाल ने सभी जिला प्रभारियों और चुनाव समिति के सदस्यों को साफ निर्देश दिए हैं कि वे केवल ऐसे ही कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दें जो पूरी तरह से निष्ठावान और जनसेवा के प्रति समर्पित हों।
जल्द आएगी उम्मीदवारों की पहली सूची
पंचायत चुनाव के मद्देनजर आरएलपी ने टिकटार्थियों के लिए आवेदन और बायोडाटा लेने की प्रक्रिया पहले ही तेज कर दी है। नागौर सहित राज्य के अन्य जिलों में भी जिला प्रभारियों द्वारा पंचायत समिति स्तर पर स्थानीय कमेटियों के साथ बैठकें की जा रही हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नामों के पैनल पर विचार-विमर्श के बाद आरएलपी बहुत जल्द अपने प्रत्याशियों की पहली आधिकारिक सूची जारी करने जा रही है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व मंत्री दिलीप चौधरी, पूर्व विधायक अशोक तंवर, नारायण बेनीवाल, इंदिरा देवी बावरी, आर.के. मेहर और प्रिय सिंह मेघवाल सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
पुराना प्रदर्शन और इस बार का दम-खम
अगर पिछले पंचायती राज चुनावों पर नजर डालें तो RLP ने ग्रामीण इलाकों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई थी। पिछले चुनावों में आरएलपी ने पूरे प्रदेश में 101 पंचायत समिति सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि जिला परिषद चुनावों में 10 सीटें हासिल की थीं। नागौर और बाड़मेर जैसे इलाकों में तो पार्टी ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों के समीकरण पूरी तरह बिगाड़ दिए थे और कई जगहों पर किंगमेकर की भूमिका निभाई थी।
इस लिंक को शेयर करें

