तय समय पर दिल्ली नहीं पहुंच पाए बेनीवाल, तो एयर इंडिया पर निकाल दी भड़ास

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल समय पर दिल्ली नहीं पहुंच पाए तो उन्होंने एयर इंडिया पर अपनी भड़ास निकाल दी। वजह थी कि उनकी दिल्ली जाने की फ्लाइट ही जयपुर में लेट थी। जयपुर से दिल्ली उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट का निर्धारित समय सुबह 8:50 का है लेकिन फ्लाइट 1 घंटा 20 मिनट लेट हो गई। बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
संसद कार्यवाही से पहले विपक्षी दलों के साथ करनी थी चर्चा
बेनीवाल ने कहा कि आज सुबह 11 बजे संसद के चल रहे मानसून सत्र के कार्यवाही प्रारम्भ होने से पहले मुझे जयपुर से दिल्ली पहुंचकर विपक्ष के साथी सांसदों के साथ संसदीय कार्यवाही को लेकर विशेष चर्चा करनी थी। लेकिन एयर इंडिया की जयपुर-दिल्ली की उड़ान संख्या AI 1834 निर्धारित समय के बाद अभी दिल्ली से ही जयपुर के लिए उड़ान नहीं भर पाई है जबकि जयपुर से इसकी उड़ान का निर्धारित समय सुबह 08:50 का है |
पीएम मोदी क्यों हैं मौन- बेनीवाल
बेनीवाल ने इस मुद्दे पर सीधे पीएम मोदी को ही घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में आए दिन उड़ानों की लेटलतीफी और बदइंतजामी से से लाखों यात्री परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू को इस गंभीर समस्या पर मौन हैं। बेनीवाल ने कहा कि ऐसा लगता है कि भारत सरकार का एयरलाइंस के संचालन और समयबद्धता पर कोई प्रभावी नियंत्रण ही नहीं बचा है।
बेनीवाल बोले कि सरकार को यह समझने की जरूरत है कि देश की विमानन व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना और यात्रियों के समय का सम्मान करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, इससे लगातार मुंह नहीं मोड़ा जा सकता।
ये भी पढ़ें- राजस्थान पंचायत चुनाव में ओवैसी की AIMIM की एंट्री, क्या जाट-मुस्लिम वोट बटोरने को बेनीवाल के साथ बनाएंगे थर्ड फ्रंट?
इस लिंक को शेयर करें

