हनुमानगढ़ की स्कूल में चलती कक्षा में बच्चों पर गिरा छत पंखा, दो छात्राएं घायल, परिजनों ने लगाए ये आरोप

Hanumangarh school accident: हनुमानगढ़ की एक स्कूल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां संगरिया क्षेत्र के गांव नगराना में स्थित आदर्श सीनियर सैकंडरी स्कूल में मंगलवार सुबह सीलिंग फैन नीचे गिर गया। इससे दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गई। इनमें एक छात्रा की आंख पर गहरा घाव बनने के कारण टांके लगाने पड़े। फिलहाल दोनों छात्रों को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इस हादसे ने जिम्मेदारों और सरकार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
छात्रा को लगाने पड़े टांके
पूरा मामला जिले के संगरिया थाना क्षेत्र के गांव नगराना में स्थित आदर्श सीनियर सैकंडरी स्कूल का है। यहां पर मंगलवार सुबह कक्षा 11 में चलता हुआ सीलिंग फैन आकर छात्रों के ऊपर गिर गया। इस हादसे में 2 छात्राएं गंभीर घायल हो गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए हनुमानगढ़ के जिला हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां एक छात्रा को आंख के पास गंभीर चोट लगने के कारण टांके लगाने पड़े। जानकारी के अनुसार हादसे के समय कक्षा में 25 बच्चे थे। हादसे को लेकर परिजनों में काफी गुस्सा है। उनका आरोप है कि घटना के बाद छात्रों को समय पर हॉस्पिटल नहीं ले जाया गया।
परिजनों ने की ये मांग
वहीं घटना के बाद अभिभावकों ने मांग की है कि जिले की सभी सरकारी और निजी स्कूलों की सेफ्टी ऑडिट कराई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हो। इस पूरे मामले में स्कूल की प्रिन्सिपल संगीता ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद दो टीचर के साथ बच्चों को हॉस्पिटल भेजा था। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए डॉक्टर से परामर्श भी लिया था। उन्होंने कहा कि घटना के बाद स्कूल के सभी पंखों की जांच कराई जा रही है।
इस लिंक को शेयर करें

