होम/rajasthan/harry-boxer-arrested-us-rajasthan-bansur-lawrence-bishnoi-gang

हैरी बॉक्सर गिरफ्तार: राजस्थान के बानसूर से अमेरिका तक का सफर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का क्यों है खास गुर्गा?

हैरी बॉक्सर गिरफ्तार: राजस्थान के बानसूर से अमेरिका तक का सफर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का क्यों है खास गुर्गा?
राजस्थान
07 Nov 2026, 05:53 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Lawrence Bishnoi Right Hand Harry Boxer Arrest: लॉरेंस बिश्नोई का राइट हैंड कहा जाने वाला और गैंग के कथित ऑपरेटर हैरी बॉक्सर को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी को गैंग के विदेश में सक्रिय नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। राजस्थान के बानसूर से ताल्लुक रखने वाला हैरी बॉक्सर कभी जयपुर में बॉक्सिंग कोच के तौर पर काम करता था, लेकिन बाद में उसका नाम हत्या, रंगदारी, फायरिंग और गैंगवार जैसी आपराधिक गतिविधियों में सामने आने लगा।

हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट बताया जाता है। वह राजस्थान के बानसूर का रहने वाला है। अपराध की दुनिया में आने से पहले उसकी पहचान एक बॉक्सिंग खिलाड़ी और कोच के रूप में थी। बताया जाता है कि वो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था, लेकिन बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वो विदेश में बैठकर गैंग के नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था।

राजस्थान से है हैरी बॉक्सर का कनेक्शन

हैरी बॉक्सर का राजस्थान से गहरा कनेक्शन है। उसका पैतृक क्षेत्र बानसूर तो है ही जबकि जयपुर में भी वो रह चुका है। राजस्थान पुलिस की जांच में उसका नाम कई आपराधिक मामलों में सामने आया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान में एक रिटायर्ड IAS अधिकारी और पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट से जुड़े मामलों में भी उसका नाम आया। इसके अलावा जयपुर के एक क्लब के बाहर हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी भूमिका की जांच की गई। राजस्थान पुलिस जयपुर, अलवर, सीकर, धौलपुर और करौली में दर्ज लूट, हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे मामलों में उसकी तलाश कर रही थी। उसके खिलाफ राजस्थान समेत पंजाब और हरियाणा में भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

जयपुर में कारोबारी से मांगी थी 10 करोड़ की रंगदारी

हैरी बॉक्सर का नाम जयपुर में कारोबारी से रंगदारी मांगने के मामले में भी सामने आया था। जुलाई 2025 में जयपुर क्राइम ब्रांच ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एक कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की कोशिश की थी। आरोप था कि वे लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई का नाम लेकर कारोबारी को धमका रहे थे और हैरी बॉक्सर के निर्देश पर काम कर रहे थे। इस मामले ने राजस्थान में लॉरेंस गैंग के नेटवर्क और उसके स्थानीय संपर्कों को लेकर पुलिस की जांच तेज कर दी थी।

कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग और बॉलीवुड को धमकी

हैरी बॉक्सर का नाम राजस्थान के बाहर भी कई चर्चित घटनाओं में सामने आया। अगस्त 2025 में कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद एक कथित ऑडियो सामने आया था। इसमें हैरी बॉक्सर के नाम से बोलने वाले व्यक्ति ने बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकी दी थी। इस धमकी में सलमान खान के साथ काम करने वाले कलाकारों, निर्देशकों और निर्माताओं को निशाना बनाने की बात कही गई थी।

इसके अलावा फरवरी 2026 में अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को मिली धमकियों के मामलों में भी उसका नाम सामने आया। रणवीर सिंह के मामले में कथित तौर पर 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की बात सामने आई थी।

अमेरिका में भी हुआ था जानलेवा हमला

हैरी बॉक्सर की कहानी में गैंगवार का एंगल भी काफी अहम है। 20 अक्टूबर 2025 को अमेरिका के कैलिफोर्निया में उस पर गोलीबारी हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में उसका एक साथी मारा गया था, जबकि दूसरा घायल हो गया था। हैरी बॉक्सर इस हमले में बच निकला था। इस हमले के पीछे रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ से जुड़े प्रतिद्वंद्वी गुट का नाम सामने आया था। सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया गया था।

अब भारत लाने की तैयारी, पूछताछ में हो सकते हैं बड़े खुलासे

अमेरिका में हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी के बाद अब भारतीय जांच एजेंसियों की नजर उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया पर है। इस मामले में भारतीय एजेंसियां अमेरिकी अधिकारियों के साथ काम कर सकती हैं। भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।

हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी राजस्थान के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है। बानसूर से निकलकर अपराध की दुनिया में पहुंचा ये शख्स अब कई राज्यों में दर्ज मामलों और विदेश से संचालित कथित रंगदारी नेटवर्क की जांच के केंद्र में है। अब देखना होगा कि भारत आने के बाद उससे पूछताछ में राजस्थान के कितने मामलों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क को लेकर नए खुलासे होते हैं।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.