Instagram की दोस्ती बनी जाल! 14 साल की बच्ची से घर में ही करवा दी लाखों की चोरी

Jaipur: Instagram के दोस्त ने नाबालिग बच्ची से उसी के घर में चोरी करवा ली। जयपुर से ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जहाँ इंस्टाग्राम से बने एक दोस्त ने 14 साल की बच्ची पर भावनात्मक रूप से दबाव बनाकर उसी से उसके घर में चोरी करवाकर करीब चार लाख रुपये की कीमत के गहने चोरी करवा लिए। मामला सामने आने पर पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, बच्ची 14 साल की है और सातवीं कक्षा की छात्रा है। इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती एक लड़के से हुई जिसने उससे बात करना शुरू किया और धीरे-धीरे अपने जाल में फंसने लगा। उस लड़के ने कहा कि उसे पैसों की ज़रुरत है और लड़की पर इमोशनल दबाव बनाने लगा। उसने लड़की को खुद के ही घर में चोरी करने पर मजबूर किया। चोर ने यह कहकर चोरी करवाई कि मैं गहनों को गिरवी रखकर लोन लूँगा, और पैसे आने पर गहने छुड़ाकर वापस तुम्हें लौटा दूंगा।
बच्ची ने अपने ही घर में चोरी करके उसे गहने दे दिए। लेकिन कुछ समय बाद जब उसने गहने वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
15 जुलाई को जब बच्ची की माँ एक कार्यक्रम में जाने के लिए गहने निकालने गयी, तो लॉकर खाली मिला। बेटी से पूछने पर पहले तो उसने इनकार किया, लेकिन बाद में डर के मारे पूरी बात बता दी कि कैसे उसकी दोस्ती हुई और उसने गहने दे दिए। छात्रा ने बताया कि उसने तीन जोड़ी झुमके, एक लॉकेट और दो अंगूठियां निकाली थीं। आरोपी घर के पास बुलाकर उससे गहने ले गया।
वापस मांगने पर वह टालमटोल करने लगा, अलग-अलग जगह बुलाता लेकिन खुद नहीं पहुंचता और फोन भी बंद कर लेता।
पुलिस ने बताया कि इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती 7 महीने पहले शुरू हुई थी गहने मई में लिए गए थे। चोरी परिवार के सामने के बाद FIR दर्ज हुई है। पुलिस साइबर टीम की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी है।
इस लिंक को शेयर करें

