राजधानी जयपुर में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, बेकाबू ट्रॉले ने एक ही परिवार के 5 लोगों को कुचला

Jaipur Road Accident: राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक बेकाबू ट्रॉले ने सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के पांच लोगों को रौंद डाला। हादसे में 3 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति और पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रॉले का चालक मौके से फरार हो गया। हादसा जयपुर से थोड़ा आगे अजमेर हाईवे पर होटल हाईवे किंग के पास हुआ है। हादसे के बाद हाईवे पर भारी जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को हॉस्पिटल पहुंचाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार परिवार मजदूरी कर पेट पालता था।
अजमेर हाईवे पर हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो परिवार हाईवे की सर्विस रोड़ पर खड़ा था। तभी जयपुर की तरह से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉला सुरक्षा रेलिंग तोड़ता हुआ सर्विस रोड़ पर चला गया। इस दौरान वहां खड़े पूरे परिवार को चपेट में ले लिया। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान रमेश, रतन और दीपक के तौर पर हुई है। जबकि पिता चंद्र प्रकाश और मां कैलाशी गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती हैं।
हादसा सुबह के समय हुआ। अजमेर रोड़ पर हर समय यातायात का दबाव रहता है। ऐसे में ट्रॉले की रफ्तार पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जबकि यातायात दबाव के कारण वहां पर हर समय पुलिसकर्मी मौजूद रहते हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जिसे बाद में पुलिसकर्मियों ने हटाया और क्रेन की मदद से ट्रॉले को साइड में करवाया और यातायात सुचारू करवाया।
इस लिंक को शेयर करें

