बीजेपी मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठे परिवार को पुलिस ने जबरन उठाया, मां बोलीं- 'अब भरोसा नहीं, न्याय चाहिए'

Jaipur BJP headquarters protest: जयपुर में बीजेपी मुख्यालय के सामने एक दंपत्ति बेटी को न्याय दिलाने के लिए पूरे दिन धरने पर बैठे रहे। इस दौरान बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने दंपत्ति से मुलाकात कर जांच का भरोसा दिया। इसके बाद जब दंपत्ति देर रात तक बीजेपी मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे तो पुलिस ने परिवार को जबरन हटा दिया और वाहन में बैठाकर ले गई। मामले को लेकर डीसीपी राजर्षि राज महर्षि ने बताया कि परिवार के सदस्यों को उनके घर छोड़ दिया गया।
जानें पूरा मामला
बता दें कि पूरा मामला प्रताप नगर थाना क्षेत्र का है। यहां पर 6 जून को एक 15 साल की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार छात्रा शाम को साइक्लिंग के लिए घर से निकली थी। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और मामला दर्ज करवाया। इसके बाद छात्रा का शव एक 13 मंजिला अपार्टमेंट के पोर्च में मिलता है। मामले में छात्रा के माता-पिता ने कहा कि बेटी के साथ यह हादसा नहीं हुआ बल्कि यह एक सुनियोजित हत्या थी।
अब हमें न्याय चाहिए
बीजेपी मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठी छात्रा की मां ने कहा कि बेटी की मौत के बाद हॉस्पिटल के बाहर धरना दिया था। लेकिन अधिकारियों के कहने पर उन्होंने धरना खत्म कर दिया था लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई ठोस कार्रवाई इस मामले में होती नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि अब हमें आश्वासन नहीं बल्कि जवाब चाहिए कि क्या सरकार इस मामले की जांच सीबीआई से कराएगी या नहीं। जब तक निर्णय नहीं होगा तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं इस मामले में छात्रा के पिता ने कहा कि स्कूल की छुट्टियां होने के कारण बेटी रोज मां की दुकान पर जाती थी। जहां पर बेटी का शव मिला उसके पास ही दुकान है। ऐसे में उन्हें आज भी विश्वास नहीं हो रहा है उनकी हंसती खेलती बेटी हमेशा के लिए उनसे दूर हो गई।
इस लिंक को शेयर करें

