जयपुर में 472 परिवारों का बदला आशियाना! CM भजनलाल शर्मा ने बांटी फ्री फ्लैट की चाबियां

जयपुर में विमुक्त, घुमंतू और अर्धघुमंतू समुदाय के ऐसे परिवार जो सड़क किनारे कच्चे आवास या किराये के घरों में रहने को मजबूर हैं, ऐसे परिवारों को राहत देने के लिए राजस्थान सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्थायी आवास की समस्या से जूझ रहे ऐसे 472 परिवारों को निःशुल्क फ्लैट आवंटित किए हैं। फ्लैट आवंटन कार्यक्रम जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित हुआ, जहाँ भजनलाल शर्मा ने JDA द्वारा तैयार करवाए गए फ्लैट आवंटित किए और लाभार्थियों को आवंटन पत्र और घर की चाबियां सौंपीं।
ये फ्लैट जयपुर के जयसिंहपुरा इलाके में बने हैं। जानकारी के मुताबिक, हर फ्लैट में एक कमरा, हॉल, किचन और बाथरूम की सुविधा है। अब से इन परिवारों को कच्चे ठिकानों या किराए के मकानों में नहीं रहना पड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का मकसद समाज के हर व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट में गरीब और पिछड़े परिवारों को घर और पट्टा देने के साथ ही रोजगार के लिए ब्याज और अनुदान का भी प्रावधान रखा है।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने लाभार्थी परिवारों को नए घर के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि रहने के लिए स्थायी घर मिलने से परिवार बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देंगे और अपने जीवन को आगे बढ़ाते हुए बेहतर भविष्य पर ध्यान देंगे।
इस लिंक को शेयर करें

