जयपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट केस में मुख्य आरोपी फिरोज गाजियाबाद से गिरफ्तार

Jaipur Illegal Firecracker Factory Blast: जयपुर के खोह-नागोरियान क्षेत्र में 9 जून को अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी फिरोज को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हादसे के बाद से ही लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था। इस विस्फोट में एक बच्चे समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी।
साथ ही, पुलिस ने फैक्ट्री संचालक और हिस्ट्रीशीटर कयूम खान को भी जयपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ करेगी और अवैध पटाखा बिज़नस से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाएगी।
कैसे हुई फ़िरोज़ की गिरफ़्तारी
सीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया कि पुलिस को उनके मुखबिर से खबर मिली थी कि आरोपी फ़िरोज़ इस वक़्त ग़ाज़ियाबाद में छुपा हुआ है। जयपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश में पुलिस के सहयोग से छिपने की जगह पर दबिश दी और फ़िरोज़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि फिरोज दिल्ली और गाजियाबाद से बारूद और विस्फोटक सामग्री का कच्चा माल जयपुर लाता था और अपनी अवैध फैक्ट्री में पटाखे तैयार करवाता था। वहीं कयूम और उसका भाई याकूब कथित तौर पर इस कारोबार में साझेदार थे। पुलिस के अनुसार, हादसे वाले दिन भी दिल्ली से विस्फोटक सामग्री फैक्ट्री आई थी। लेकिन किसी वजह से बारूद में चिंगारी लग गयी और आग लग गयी। धमाके में कई मजदूर आग की चपेट में आ गए और आरोपी फ़िरोज़ और कयूम मौके से फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी याकूब की तलाश में लगी हुई है और लगातार दबिश दे रही है। मामले में अवैध विस्फोटक के नेटवर्क की परतें खोलने और आरोपियों के अन्य साथियों की भी जांच चल रही है।
इस लिंक को शेयर करें

