बहन की मौत का बदला लेने जयपुर में मेडिकल छात्र को कुल्हाड़ी से काटा, फंदे से लटकी मिली थी लड़की

Jaipur Medical Student Attack: जयपुर में आत्महत्या करने वाली अपनी बहन की मौत का बदला लेने के लिए उसके भाई ने एक मेडिकल छात्र पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पीड़ित छात्र मृतक युवती का दोस्त है। आरोपी भाई को शक था कि उसी लड़के ने पहले उसकी बहन की जान ली और फिर सुसाइड दिखाने की कोशिश की। पीड़ित पिछले 8 दिनों से जयपुर के महात्मा गाँधी हॉस्पिटल ज़िन्दगी और मौत के बीच झूल रहा है। घटना 8 जुलाई की है, जब हमलावरों ने कुल्हाड़ी और लाठियों से युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।
कैसे शुरू हुआ मामला
पीड़ित के पिता ने थाने में FIR दर्ज कराई, जिसके अनुसार झुंझुनूं निवासी पीड़ित छात्र पिलानी के एक कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। उसकी दोस्ती करीब एक साल पहले एक लड़की से हुई, जो जयपुर में अपने भाई के साथ फ्लैट में रहकर पढ़ाई करती थी। खबर है कि पीड़ित युवक 7 जुलाई को जयपुर में लड़की के फ्लैट पर आया था और वहीं पर रात को रुका था। युवक उस रात हॉल में सोया, जबकि दोनों भाई-बहन अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।
लड़की ने की आत्महत्या या फिर मर्डर?
अगली सुबह जब सभी उठे, तो वह लड़की अपने कमरे में चुन्नी से लटकी हुई मिली। लड़की के भाई ने इसे सुसाइड मानने से इनकार कर दिया और उसके दोस्त युवक पर हत्या का आरोप लगाया। लड़की के परिवारजनों ने युवक के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज करवाया। परिवार का दावा है कि उस रात दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवक ने गला घोंटकर लड़की की हत्या कर दी और बाद में इसे आत्महत्या दिखाने के लिए उसे फंदे से लटका दिया।
घर पर दी मारने की धमकी और फिर हमला
आरोपी भाई उसी युवक को बहन की मौत का जिम्मेदार मानता रहा और युवक के माता-पिता को फ़ोन कर लड़के को मारने की धमकी भी दी। धमकी के कुछ समय बाद ही उन्हें खबर मिली कि उनके बेटे को कुछ लड़कों ने घेर लिया और सिर, गर्दन, हाथ-पैरों पर कुल्हाड़ी और डंडों से ताबड़तोड़ हमले किए। युवक को तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित के पिता ने पुलिस को बताया कि उन्हें अभी भी धमकी भरे फोन आ रहे हैं और कह रहे है कि उसे हॉस्पिटल में घुस कर जान से मार देंगे। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें हमलावरों को कुल्हाड़ी से वार करते देखा जा सकता है। डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी भाई और उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
इस लिंक को शेयर करें

