चुनाव आयोग ने निकाला संभावित कार्यक्रम, 19 सितंबर को चुना जाएगा जयपुर का नया महापौर

Jaipur Municipal Corporation Election 2026: जयपुर के नगर निगम में पिछले लगभग 9 महीनों से महापौर का पद खाली पड़ा है। अब आखिरकार इसमें चुनावी प्रक्रिया शुरू होने वाली है। चुनाव आयोग ने निकाय चुनाव को लेकर घोषणा की है और जयपुर चुनाव की एक संभावित तारीख दी है। राज्य निर्वाचन आयोग और सरकार की ओर से हाईकोर्ट में पेश संभावित कार्यक्रम के मुताबिक, 11 सितम्बर को निगम के 150 वार्डों के पार्षद के चुनाव होंगे और 19 सितंबर को जयपुर का महापौर चुना जाएगा। इसके अगले दिन 20 सितंबर को उपमहापौर का चुनाव किया जाएगा।
22 अगस्त को होगी लोक सूचना जारी
22 अगस्त को चुनाव आयोग चुनाव के लिए एक लोक सूचना जारी करेगा, जिसके साथ ही राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव की प्रक्रिया की शुरुआत होगी। इसी घोषणा के साथ निगम में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा, कांग्रेस समेत सभी दलों ने चुनाव से जुडी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
निगम का हुआ परिसीमन
जयपुर निगम का परिसीमन होने के बाद इसका स्वरूप काफी बदल गया है। वर्त्तमान नगर निगम 787.60 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसमें 47.87 लाख से अधिक की आबादी है और लगभग 15 लाख घर शामिल हैं। पुराने दोनों निगमों (ग्रेटर और हैरिटेज) को मिलाकर एक कर दिया गया है, जिसके बाद वार्डों की संख्या 250 से घटकर 150 रह गई है। इन 150 वार्डों को निगम के 13 जोन में बांटा गया है। सीमा विस्तार के साथ अब निगम का क्षेत्राधिकार रिंग रोड तक पहुंच गया है।
पिछली बार जयपुर के मेयर का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित था। इस बार इस पद पर कौन बैठेगा, इसका मुकाबला रोचक होने वाला है, क्योंकि नए क्षेत्रों, सामाजिक समीकरणों और परिसीमन के चलते दावेदारों की दौड़ बढ़ गई है। राजनीतिक दलों की नजरें महापौर पद पर नए चेहरे की तलाश कर रही हैं।
इस लिंक को शेयर करें

