राजधानी जयपुर में टंकी पर चढ़े तीन नर्सिंगकर्मी, वीडियो जारी कर बताई मांगें, मौके पर पहुंचा प्रशासन

Jaipur nursing workers protest: राजधानी जयपुर में इन दिनों टंकी पर चढ़कर अपनी मांगे रखना एक नया ट्रेंड बन गया है। कुछ दिन पहले छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर राजस्थान विश्वविद्यालय के तीन छात्र टंकी पर चढ़े थे। अब पिछले कई दिनों से नियमितीकरण और नई भर्ती निकालने की मांग को लेकर धरना दे रहे नर्सिंगकर्मी गुरुवार रात को जयपुरिया हॉस्पिटल में पानी की टंकी पर चढ़ गए। पानी पर चढ़े नर्सिंगकर्मियों में विमल शर्मा, रॉबिन शर्मा और आशा मीणा शामिल हैं। टंकी पर चढ़ने के बाद तीनों ने वीडियो भी जारी किया है जिसमें वे सरकार को चेतावनी दे रहे हैं कि जब तक हमारी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, वे नीचे नहीं उतरेंगे।
ये है नर्सिंगकर्मियों की प्रमुख मांगें
बता दें कि नर्सिंंगकर्मी पिछले 2 महीनों से नर्सेज भर्ती में मेरिट और 10, 20, 30 बोनस अंकों के आधार पर चयन की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही आगामी भर्ती परीक्षा लिखित के बजाय मेरिट के आधार पर होनी चाहिए। टंकी पर चढ़े नर्सिंगकर्मियों ने वीडियो मैसेज में कहा कि हम लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन विभाग द्वारा सुनवाई नहीं होने पर उन्हें मजबूरी में यह कदम उठाना पड़ा है। धरना दे रहे नर्सिंगकर्मियों का कहना है कि कोरोना महामारी जैसे विपरीत हालात में उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर सरकारी हॉस्पिटलों में अपनी सेवाएं दी हैं।
घटना की जानकारी के बाद स्थानीय थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम जयपुरिया हॉस्पिटल के पास स्थित टंकी के पास पहुंच गई। फिलहाल प्रशासन के लोग लगातार समझाइश कर रहे हैं ताकि उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस लिंक को शेयर करें

