अब हादसे वाली जगह से पहले Google Maps देगा अलर्ट! जयपुर पुलिस ने 101 ब्लैक स्पॉट किए डिजिटल मैप

New Road Accident alert System by Jaipur Police: जयपुर शहर में रोड एक्सीडेंट्स और उनसे होने वाली मौतों को कम करने के लिए जयपुर रेंज पुलिस ने एक खास पहल शुरू की है। जयपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन सेफर रोड’ के तहत गूगल मैप्स के साथ मिलकर एक ऐसा डिजिटल सिस्टम शुरू किया है, जो ड्राइवर्स को संभावित सड़क हादसों वाली जगहों पर पहुँचने से पहले एक सेफ्टी अलर्ट भेजेगा। इसके तहत नेशनल और स्टेट हाईवे पर 101 जगहों को ब्लैक स्पॉट मार्क करके Google Maps से जोड़ा गया है।
कैसे काम करता है सिस्टम
इस नए सिस्टम में सबसे पहले पुलिस ने पिछले तीन साल के रिकॉर्ड्स के आधार पर ऐसी जगहें चुनी, जहाँ पर सबसे ज्यादा सड़क हादसे हुए थे। ऐसी जगहों को ब्लैक स्पॉट मार्क करके उन्हें Google Maps से जोड़ा गया है। Google Maps नेविगेशन का इस्तेमाल करते हुए ड्राईवर जैसे ही इन ब्लैक स्पॉट्स के करीब पहुंचेगा, तुरंत उसके मोबाइल पर एक सेफ्टी अलर्ट आएगा। पुलिस के अनुसार, इससे ड्राइवरों को संभावित हादसे वाली जगह पर पहुँचने से पहले ही सतर्क किया जा सकेगा, जिससे वे समय से पहले ही संभल जाएँगे और हादसों की गुंजाईश कम होगी।
पुलिस ने इसके साथ-साथ एक QR Code बेस्ड सुविधा भी शुरू की है। जैसे ही मोबाइल में QR कोड को स्कैन किया जाएगा, लोगों को तुरंत ही ब्लैक स्पॉट की लोकेशन, जोखिम श्रेणी और सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी Google Maps के जरिए मिल जाएगी।
इस पहल में पुलिस रिकॉर्ड, ट्रैफिक जानकारी और पिछले तीन वर्षों के हादसों के डेटा का विश्लेषण कर दुर्घटना संभावित स्थानों की डिजिटल मैपिंग की गई है। साथ ही, कुछ विशेष जगहों की कमियों की पहचान के लिए AI का भी इस्तेमाल किया गया।
जयपुर रेंज पुलिस अब इस मॉडल को पूरे राजस्थान और देशभर के हाईवे पर लागू करने की तैयारी में है। इसके लिए NHAI को पत्र भेजा गया है।
इस लिंक को शेयर करें

