होम/rajasthan/jaipur-pwd-contractor-paras-khandelwal-firing

जयपुर में PWD ठेकेदार पारस खंडेलवाल की कार पर फायरिंग, पहले जताया था जान का खतरा, विभाग के अधिकारियों पर आरोप

जयपुर में PWD ठेकेदार पारस खंडेलवाल की कार पर फायरिंग, पहले जताया था जान का खतरा, विभाग के अधिकारियों पर आरोप
राजस्थान
25 Oct 2026, 05:45 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में PWD यानी सार्वजनिक निर्माण विभाग के ठेकेदार पारस खंडेलवाल की कार पर फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पारस खंडेलवाल PWD कार्यालय के बाहर से होते हुए निवारू रोड स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान जयपुर क्लब के सामने उनकी गाड़ी पर फायरिंग की गई। मामले में FIR दर्ज कराई गई है और पुलिस सोमवार को कार की फोरेंसिक जांच कराने की तैयारी में है।

इस घटना के बाद ठेकेदार पारस खंडेलवाल ने भारत रफ्तार से बातचीत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले दिनों PWD अधिकारियों के खिलाफ चल रहे ठेकेदारों के प्रदर्शन के दौरान ही उन्होंने अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

फायरिंग से पहले भी जताया था जान का खतरा

पारस खंडेलवाल के मुताबिक, PWD अधिकारियों के खिलाफ ठेकेदारों के प्रदर्शन के दौरान उन्होंने भारत रफ्तार से बातचीत में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की थी। उनका आरोप है कि PWD के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सिटी-वन जेपी यादव ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।

अब उनकी कार पर फायरिंग की घटना के बाद ये मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह रही। फिलहाल, उपलब्ध जानकारी के आधार पर फायरिंग के लिए किसी व्यक्ति या अधिकारी की भूमिका को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

बिल भुगतान को लेकर विवाद, अधिकारियों पर धमकाने का आरोप

पारस खंडेलवाल ने भारत रफ्तार को बताया कि PWD में काम के भुगतान को लेकर ठेकेदारों और अधिकारियों के बीच विवाद चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि काम पूरा करने के बावजूद ठेकेदारों को उनके बिलों का भुगतान नहीं किया जा रहा और भुगतान मांगने पर उन्हें गाली-गलौज और धमकियों का सामना करना पड़ता है।

खंडेलवाल ने दावा किया कि उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर सदर थाने में शिकायत दी थी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। उनका आरोप है कि इन शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

'बिल के पैसे तो छोड़, तू 50 लाख भी देकर जाएगा'

मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के संबंध में पारस खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि बिल के भुगतान की मांग करने पर उन्हें गंभीर धमकी दी गई थी। उनके अनुसार, शिकायत में कथित तौर पर कहा गया था, 'बिल के पैसे तो छोड़, तू पचास लाख भी देकर जाएगा' और 'तेरा सिर भी काटा जाएगा।'

बिना टेंडर काम कराने के भी लगाए आरोप

PWD अधिकारियों के खिलाफ हुए प्रदर्शन के दौरान ठेकेदारों ने आरोप लगाया था कि विभाग में बिना टेंडर के 20-20 लाख रुपये तक के काम कराए जाते हैं, लेकिन भुगतान मांगने पर ठेकेदारों को परेशान किया जाता है। पारस खंडेलवाल ने भी विभागीय कार्यप्रणाली और भुगतान व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

सोमवार को होगी कार की फोरेंसिक जांच

फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है। पारस खंडेलवाल के अनुसार, पुलिस ने सोमवार को कार की फोरेंसिक जांच के लिए उन्हें सुबह 10 बजे बुलाया है। जांच के दौरान वाहन पर फायरिंग से जुड़े सबूतों की पड़ताल की जाएगी।

ठेकेदार की सुरक्षा पर सवाल, पुलिस की जांच पर नजर

पारस खंडेलवाल का कहना है कि वह अपने परिवार में अकेले कमाने वाले हैं और घर में छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि पहले धमकी की शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई और अब उनकी कार पर फायरिंग हो गई है।

इस पूरे मामले में कई अहम सवाल खड़े हो रहे हैं। पारस खंडेलवाल की पहले दी हुई शिकायत पर कार्रवाई क्यों नहीं की? फिलहाल, अब सबकी नजर पुलिस की फोरेंसिक जांच और आगे की कार्रवाई पर है।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.