होम/rajasthan/jaipur-teej-mata-shahi-sawari-400-kg-silver-palanquin

जयपुर में बूढ़ी तीज माता की शाही सवारी! 400 किलो चांदी की पालकी और बेटियों की तलवारबाजी ने जीता दिल

जयपुर में बूढ़ी तीज माता की शाही सवारी! 400 किलो चांदी की पालकी और बेटियों की तलवारबाजी ने जीता दिल
राजस्थान
16 Aug 2026, 10:13 pm
रिपोर्टर : Dushyant

Jaipur Teej Mata Shahi Sawari: जयपुर में रविवार को पारंपरिक राजसी अंदाज में बूढ़ी तीज माता की शाही सवारी निकाली गई। करीब 400 किलो वजनी चांदी की पालकी में तीज माता को विराजमान कर शहर में सवारी निकाली गई। इस दौरान सवारी के आगे राजस्थान की लोक संस्कृति और शौर्य की झलक साथ साथ चल रही थी। लोक कलाकारों के साथ साथ हाथ में तलवार लिए लोग भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे थे।

सवारी में 175 कलाकारों ने हिस्सा लिया। कालबेलिया, कच्छी घोड़ी, गैर, चरी-घूमर, चंग-ढप, मांगणियार गायन, भपंग और रावणहत्था समेत कई लोक कलाओं की प्रस्तुतियां हुईं। कठपुतली और बहरूपिया कलाकारों ने भी लोगों का मनोरंजन किया।

यात्रा में सबसे ज्यादा लड़कियों की तलवारबाजी ने सबको आकर्षित किया। शौर्य सेवा संस्था की खुशी नरुका ने बताया कि महिला कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए बेटियों की शक्ति और आत्मविश्वास का संदेश दिया है।

सवारी से पहले कावड़ यात्रा भी त्रिपोलिया बाजार पहुंची, जिसके लिए रास्ते में लगी बैरिकेडिंग को हटाया गया। वहीं बीकानेर से आए रमेश व्यास अपनी करीब साढ़े तीन फीट लंबी दाढ़ी के कारण लोगों की नज़रों में रहे। उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी लंबी दाढ़ी के लिए काफी देखभाल और खर्च करना पड़ता है और इसके लिए उन्हें प्रदेश में दूसरा पुरस्कार भी मिल चुका है।

शाही सवारी के दौरान जयपुर की सड़कों पर राजसी परंपरा, लोक कला और रंग-बिरंगी प्रस्तुतियां भी हुई।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.