राजधानी जयपुर में आज येलो अलर्ट, प्रदेश में अगले 3-4 दिन कैसा रहेगा मौसम? सामने आया अपडेट

Rajasthan Weather Update: राजस्थान समेत पूरे देश में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में लगातार बारिश से किसान खुश है तो वहीं आम लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है। आईएमडी के अनुसार अगले 4 दिनों तक प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं 15 अगस्त से मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। मौसम विज्ञानियों की मानें तो जोधपुर और बीकानेर संभाग को छोड़कर पूरे प्रदेश में अगले 3-4 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 8 अगस्त को एक परिसंचरण तंत्र उत्तर पूर्वी राजस्थान और एक पूर्वी भारत पर स्थित है। ऐसे में आज प्रदेश के जयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर संभाग में बारिश होने की संभावना है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नया परिसंचरण तंत्र उत्तर-पश्चिम में बंगाल की खाड़ी और पूर्वी भारत पर बना हुआ है। ऐसे में मानसून की ट्रफ लाइन जिसे मानसूनी रेखाएं कहा जाता है वह फिलहाल श्रीगंगानगर और दिल्ली से होकर गुजर रही है। इसी कारण पूर्वी राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक बारिश होने की संभावना है।
जयपुर में कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी ने राजधानी जयपुर में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगले तीन घंटे में बारिश होने की संभावना है। राजधानी में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं और हवा भी चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज जयपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना है।
इस लिंक को शेयर करें

