अश्विनी वैष्णव की जालोर को बड़ी सौगात, अब दिल्ली-जयपुर के लिए चलेगी सीधी ट्रेन, रेल मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Jalore Jaipur Delhi Train: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज जालोर को बड़ी सौगात दी है। रेल मंत्री ने आज जालोर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बता दें कि ट्रेन जयपुर होते हुए दिल्ली जाएगी। रेल मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद से इसकी बड़ी डिमांड थी ऐसे में अब पाली और जालोर को राजधानी दिल्ली से सीधा जोड़ा गया है। इस मौके पर बीजेपी की जिला इकाई के नेता मौजूद रहे।
राजस्थान को 10 हजार करोड़ का रेल बजट
रेल मंत्री ने कहा कि अब जल्द ही सिरोही को भी दिल्ली से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 स्टेशन पूरी तरह बनकर तैयार है। जबकि रेल मंत्रालय प्रदेश के 85 स्टेशन को पूरी तरह नया बना रहा है। इन स्टेशनों के पूरी तरह बनने के बाद लोग आमेर और हवामहल की तरह इन रेलवे स्टेशन को देखने के लिए आएंगे। इसके साथ ही मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 24 गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल भी डवलप किए जा रहे हैं। जालोर में ग्रेनाइट का उत्पादन होता है ऐसे में जल्द ही कार्गो टर्मिनल की सौगात मिलेगी। इसके बाद यहां का ग्रेनाइट देश-विदेश तक पहुंचेगा। इस दौरान रेल मंत्री ने कहा कि बस क्वालिटी का ध्यान रखना। उन्होंने कहा कि पहले राजस्थान को 682 करोड़ का बजट मिलता था अब हमारी सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रदेश को दिया है।
कार्यक्रम में जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चैधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने रेल मंत्री को तलवार भी भेंट की। जालोर से दिल्ली पहुंचने में 16 घंटे का समय लगेगा। जबकि गुजरात के भुज से दिल्ली का समय 24 घंटे और 30 मिनट का होगा। बता दें कि जालोर से दिल्ली जाने वाली इस ट्रेन में कुल 18 डिब्बे होंगे। जिसमें 3 थर्ड एसी कोच, 8 स्लीपर क्लास कोच, 1 सैकंड एसी कोच और 4 जनरल कोच होंगे।
ये भी पढ़ेंः भरतपुर पुलिस को बड़ी सफलता, हार्डकोर अपराधी विनोद पथैया समेत 7 बदमाश अरेस्ट, बुलेट प्रूफ जैकेट पहन करते थे वारदात
ये भी पढ़ेंः राज्यसभा चुनाव: इलेक्शन कमीशन ने जारी किया पूरा शेड्यूल, जानें कब और किन-किन सीटों पर चुनाव
इसके अलावा रेल मंत्री ने जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर बने कोच केयर काॅम्प्लेक्स का उद्घाटन भी किया। इस सुविधा के कारण अब जैसलमेर ही ट्रेनों की सफाई और रखरखाव किया जा सकेगा। वहीं जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत ट्रेन का भी विस्तार किया गया है। अब ट्रेन में 8 की जगह 20 कोच होंगे। वहीं साबरमती जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को भी जैसलमेर तक बढ़ाने की घोषणा की गई है।
इस लिंक को शेयर करें

