झोटवाड़ा में कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ की जनसुनवाई, लोगों ने बताई समस्याएं, तुरंत दिए समाधान के निर्देश

जयपुर। झोटवाड़ा विधायक और राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने क्षेत्र में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान झोटवाड़ा के स्थानीय लोगों के अलावा राजस्थान के अलग-अलग इलाकों से आए पूर्व सैनिकों और सेना के जवानों ने भी कर्नल राठौड़ से मुलाकात की और अपनी समस्याएं शेयर कीं।
जनसुनवाई के दौरान कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने लोगों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई की जरूरत थी, उन्हें लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात की और जरूरी निर्देश दिए।
विकास कार्यों को लेकर लोगों ने जताया आभार
जनसुनवाई में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने झोटवाड़ा में चल रहे विकास कार्यों और अलग-अलग विकास योजनाओं को लेकर कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ का आभार जताया। लोगों ने कहा कि इलाके में सड़क, आधारभूत सुविधाओं और दूसरे विकास कार्यों को लेकर लगातार काम किया जा रहा है।
लोगों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं के साथ-साथ चल रहे विकास कार्यों को लेकर भी विधायक के सामने अपनी बात रखी।
'जनता के सहयोग से जारी रहेगी विकास यात्रा'
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि डबल इंजन सरकार का संकल्प विकास है और इसी सोच के साथ झोटवाड़ा में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास के साथ झोटवाड़ा की विकास यात्रा लगातार जारी रहेगी।
इस लिंक को शेयर करें

