जोधपुर में ACB ने वीडीओ को रिश्वत लेते दबोचा, PM आवास योजना की किस्त जारी के बदले परिवादी से मांगे थे पैसे

Jodhpur ACB action VDO arrested: जोधपुर में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वीडीओ को रिश्वत लेते रंगे हाथों अरेस्ट किया है। जानकारी के अनुसार वीडीओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवार को मिलने वाली मकान की आखिरी किस्त जारी करने के नाम पर 3500 रुपये की रिश्वत मांगी थी। ऐसे में एसीबी ने टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गुरुवार को अरेस्ट कर लिया। बता दें कि वीडीओ रामनरेश मीणा ग्राम पंचायत ठाडिया पंचायत समिति चामूं में कार्यरत है।
मामले में कारवाई के बाद एसीबी की महानिदेशक ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवादी की पत्नी के नाम पर घर स्वीकृत हुआ था। इसके बाद दो किस्त परिवादी को जारी हो चुकी थी। लेकिन तीसरी किस्त जारी करने से पहले वीडीओ ने 3500 रुपये की रिश्वत की डिमांड कर दी। तीसरी किस्त जारी होने से पहले मकान की फोटो खींचकर रिपोर्ट लगानी थी। अधिकारी लगातार पैसे देने का दबाव बना रहा था। वहीं पैसे न मिलने पर पीड़ित को परेशान कर रहा था।
एसीबी ने ऐसे दबोचा
इसके बाद परिवादी ने मामले में एसीबी से शिकायत की। एसीबी की टीम ने मामले की गोपनीय जांच करवाई जिसमें परिवादी का दावा सही निकला। इसके बाद एसीबी ने योजना के अनुसार आज वीडीओ को परिवादी से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस निदेशक पारस सोनी के नेतृत्व में की। मामले में रामनरेश मीणा के खिलाफ एसीबी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है और पूछताछ की जा रही है।
इस लिंक को शेयर करें

