जोधपुर जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीजेपी सांसद को भेजा नोटिस, कार्रवाई की चेतावनी भी दी

Jodhpur Election Officer Notice: उदयपुर से बहुत ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर जोधपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी ने उदयपुर से बीजेपी सांसद मन्नालाल रावत को एक्शन लेने का नोटिस दिया है। बता दें कि नोटिस में चुनावी ड्यूटी में लापरवाही पर एक्शन लेने की बात कही गई है।
बता दें कि उदयपुर से बीजेपी के सांसद मन्नालाल रावत 2024 में वीआरएस लेकर चुनाव लड़े और सांसद बने। इससे पहले रावत परिवहन विभाग में एडिशनल कमिश्नर के पद पर थे। उन्होंने काफी समय तक जोधपुर में सेवाएं भी दी थी। अब जब वे सांसद बन गए हैैं उसके बावजूद उनका नाम सरकारी कर्मचारियों की सूची में शामिल है। नोटिस मिलने के बाद बीजेपी सांसद ने अफसरों की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए है।
लेटर में क्या लिखा?
जोधपुर के जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर आलोक रंजन के हस्ताक्षर वाले इस पत्र को 13 अगस्त यानी कल जारी किया गया था। इसमें रावत से ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी मांगी गई है। कर्मचारियों की डिटेल 14 अगस्त दोपहर को तीन बजे तक अपडेट करने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही लेटर में लिखा है कि अगर रावत ऐसा नहीं करते हैं तो जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 134 के तहत इसे अपराध माना जाएगा।
सांसद भी हैरान
वहीं इस पूरे मामले को लेकर सांसद मन्नालाल रावत ने बताया कि पहले मुझे जोधपुर की निर्वाचन शाखा के अधिकारी ने फोन करके नोटिस की सूचना दी। इसके बाद गुरुवार शाम को 5 बजकर 34 मिनट पर मुझे वॉट्सऐप पर नोटिस भेजा गया। उन्होंने कहा कि डिजिटल के इस दौर में विभाग का डाटा अपडेट नहीं हुआ है। यह काफी हैरानी भरा फैसला है।
इस लिंक को शेयर करें

