जोधपुर में बीच चौराहे पर देर रात तीन राउंड फायरिंग, एक युवक की मौत; पुरानी रंजिश में हमला, पुलिस ने की नाकेबंदी

Vicky Fighter murder Jodhpur: जोधपुर शहर के बीचों-बीच देर रात पुरानी रंजिश में बदमाशों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग की और एक एसयूवी में जमकर तोड़फोड़ की। हमले में घायल हुए दोनों युवकों को एमडीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी की, लेकिन फिलहाल पुलिस की पकड़ से दूर है। घटना के बाद पुलिस कमिश्नर शरत कविराज, डिप्टी कमिश्नर वेस्ट कमल शेखावत और एसीपी पश्चिम नरेंद्र सिंह देवड़ा घटना स्थल पर पहुंचे।
एक युवक की मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। उन्होंने एसयूवी में सवार विक्की फाइटर और सन्नी हंस पर जानलेवा हमला किया। इस दौरान एसयूवी के शीशे तोड़ दिए और फायरिंग की। घटना के बाद देवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एमडीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां पर शनिवार को सुबह विक्की फाइटर की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि सन्नी के पीठ में गोली लगी थी। घटना के बाद पुलिस ने कई बदमाशों को हिरासत में लिया है।
जांच में जुटी पुलिस, देर रात की नाकेबंदी
पूरी घटना कॉम्प्लेक्स के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी के अनुसार एसयूवी में दो युवक बैठे थे। इस दौरान बाइक पर सवार कुछ बदमाश आते हैं और कार हमला कर देते हैं। इसमें एक युवक बॉम्बे मोटर चौराहे की ओर भागता है जबकि दूसरा कॉम्प्लेक्स की ओर भागता है। बदमाश इस दौरान करीब 3 राउंड की फायरिंग करते हैं। घटना के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाई।
घटना के बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए तीन थानों की टीम बनाई गई। पूरी रात पुलिस ने नाकाबंदी की और आरोपियों के घरों पर दबिश दी लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। वहीं मामले में एसीपी पश्चिम ने कहा कि आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश है। आरोपियों की पहचान विशाल पंडित, अजय घारू, सुनील तेजी और चिकू के तौर पर हुई है।
इस लिंक को शेयर करें

