राजस्थान कांग्रेस में खिलाड़ी लाल बैरवा और रामचंद्र सराधना की घर वापसी, डोटासरा ने कराया पार्टी में शामिल

Rajasthan Congress News: राजस्थान कांग्रेस में एक बार फिर सियासी हलचल देखने को मिली है। सचिन पायलट के समर्थक माने जाने वाले पूर्व विधायक खिलाड़ी लाल बैरवा ने कांग्रेस में वापसी कर ली है। उनके साथ पूर्व विधायक रामचंद्र सराधना ने भी पार्टी का दामन थाम लिया है। शुक्रवार को जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने दोनों नेताओं की कांग्रेस में घर वापसी करवाई।
खिलाड़ी लाल बैरवा को सचिन पायलट का करीबी और समर्थक माना जाता है। उनकी पहचान राजस्थान की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विरोधी खेमे के नेता के तौर पर भी रही है। ऐसे में उनकी कांग्रेस में वापसी को प्रदेश कांग्रेस के भीतर चल रहे सियासी समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
टिकट नहीं मिलने पर छोड़ी थी कांग्रेस
दरअसल, 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर खिलाड़ी लाल बैरवा ने कांग्रेस छोड़ दी थी। इसके बाद मार्च 2024 में उन्होंने बीजेपी जॉइन कर ली थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद जुलाई 2024 में बीजेपी से इस्तीफा दे दिया। वहीं, पूर्व विधायक रामचंद्र सराधना ने भी 2023 के विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद कांग्रेस से दूरी बना ली थी और आजाद समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
अब दोनों नेताओं की कांग्रेस में वापसी के साथ राजस्थान की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है। खास बात ये है कि खिलाड़ी लाल बैरवा की वापसी ऐसे समय हुई है, जब राजस्थान कांग्रेस में अलग-अलग नेताओं और गुटों के बीच राजनीतिक समीकरणों को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। दोनों नेताओं की वापसी से धौलपुर और विराटनगर सहित उनके राजनीतिक क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों पर भी नजर रहेगी।
इस लिंक को शेयर करें

