जनता के सामने किरोड़ी का हूंकार, बोले- ऐसी कोई हथकड़ी नहीं जो मेरे हाथों में डल सके

Kirodi Lal Meena: राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने अपने विरोधियों को वो दो टूक जवाब दिया है, जिसने मरुधरा के सियासी गलियारों में भूचाल ला दिया है। अपने ऊपर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर पहली बार खुलकर बोलते हुए बाबा ने दहाड़ लगाई है। उन्होंने साफ कह दिया है कि– “विरोधी चाहे कितना भी जोर लगा लें, उनके पास ऐसी कोई हथकड़ी नहीं है जो डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के हाथों में डाली जा सके।”
डोटासरा पर जमकर छोड़े शब्दों के तीर
करौली की पावन धरा, महावीर जी और कैला देवी की इस पवित्र भूमि से डॉ. मीणा ने सीधे कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीर छोड़े हैं। पिछली गहलोत सरकार के दौरान हुए पेपर लीक मामलों को याद दिलाते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि डोटासरा के कार्यकाल में 18 में से 17 पेपर लीक हुए थे।
किरोड़ी लाल मीणा ने युवाओं को याद दिलाया कि जब छात्र सड़कों पर लाठियां खा रहे थे, तब सर्दी हो या गर्मी, वो कर्नल बैंसला की तरह मोर्चे पर डटे रहे उन्होंने युवाओं और किसानों के हक के लिए लगातार संघर्ष किया। लेकिन इस पूरे बयान में सबसे चौंकाने वाली बात रही किरोड़ी की वो 'ईमानदार स्वीकारोक्ति', जिसने सबको हैरान कर दिया।
'जो मेरे साथ रहे वो बेईमान निकले'
बाबा ने मंच से अपनी एक कमजोरी भी कबूल की। उन्होंने कहा– “मेरी एक छोटी सी कमजोरी रही कि जो लोग मेरे साथ थे, उनके गलत कामों की मुझे जानकारी नहीं थी और उन्होंने गड़बड़ियां कर दीं।” लेकिन इसके तुरंत बाद बाबा ने यह भी साफ कर दिया कि उन्होंने अपनों को भी नहीं बख्शा। गड़बड़ी करने वालों को ना सिर्फ बेनकाब किया, बल्कि उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भी भिजवाया। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि किरोड़ीके नाम का इस्तेमाल करके कोई लूट मचाए, यह जीते-जी मुमकिन नहीं है।
भावुक होते हुए डॉ. मीणा ने करौली की जनता के सामने कसम खाई कि बाबा मदन मोहन और गणेश की इस पवित्र भूमि को वो किसी भी कीमत पर कलंकित नहीं होने देंगे। जीवनभर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले इस नेता ने साफ कर दिया है कि उनके दामन पर दाग लगाने की हर कोशिश नाकाम होगी।
अब सवाल ये उठता है कि क्या किरोड़ी लाल मीणा के इस आक्रामक तेवर के बाद कांग्रेस बैकफुट पर आएगी? राजस्थान की राजनीति में आरोपों और प्रत्यारोपों का यह खेल अब किस मोड़ पर जाएगा।
इस लिंक को शेयर करें

