“बड़े मगरमच्छ अभी नहीं पकड़े गए”! किरोड़ी लाल मीणा का बड़ा बयान, बोले-कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा कदम उठाऊंगा

Kirodi Lal Meena Alwar Visit: रविवार को राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने अपने अलवर दौरे के दौरान कहा कि पेपर लीक के बड़े मगरमच्छ अभी भी पकड़ में नहीं आए हैं। अगर सरकार ने उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की, तो फिर मैं खुद इसके खिलाफ बड़ा कदम उठाऊंगा।
अपने दौरे किरोड़ी लाल मीणा मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर जिला प्रशासन और DIPR की ओर से आयोजित प्रदर्शनी में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात की और विपक्ष के सवालों और आरोपों पर जवाब दिया।
नकली बीज मामले पर क्या कहा
नकली बीज मामले में किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि मामले में कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी भी कुछ आरोपी बचे हुए हैं। मेरे खिलाफ जो आरोप लगा है, उसे भी हटाना है। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि मेरे माथे पर लगा ये कलंक हटाया जा सके। मैं हमेशा भ्रष्टाचारियों के खिलाफ हूँ और रहूँगा।
मंत्री पद छोड़ दूंगा
जब उनके खुद के ऊपर लगे भ्रष्टाचार आरोपों को लेकर सवाल किया गया, तो किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि अगर इस भ्रष्टाचार के मामले में मेरा सुई की नोक बराबर भी कुछ लेन-देन मिला, तो मैं उसी वक़्त मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दूंगा।
विपक्ष मुझ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहा है, लेकिन उनका काम आरोप लगाना है। मेरी ही सूचना के आधार पर जुगल किशोर को पकड़ा गया और पैसे ज़ब्त हुए हैं। अगर ये साबित होता है कि मैंने पैसे लिए, तो मैं खुद को कानून के सामने सरेंडर कर दूंगा।
बड़े मगरमच्छ बचे हुए हैं
जब उनसे पूछा गया कि क्या सरकार उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है, तो किरोड़ी ने कहा कि ऐसा नहीं है। सरकार ने कभी भी मुझे या भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई जाँच नहीं रोकी, लेकिन अगर पेपरलीक और नकली बीज के मामलों में राज्य सरकार उचित कार्रवाई नहीं करती है, तो फिर मैं खुद बड़ा कदम उठाऊंगा। पुराने और अभी के जितने भी पेपर लीक के बड़े मगरमच्छ पकड़ में नहीं आए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करूंगा।
इस लिंक को शेयर करें

