किरोड़ीलाल मीणा के समर्थन में उतरे मंत्री मदन दिलावर, बोले- 'वे बेईमान तो मैं भी ईमानदार नहीं हूं'

Madan Dilawar on Kirodilal Meena: बीज निगम में रिश्वत और नकली बीज मामले में आलोचना झेल रहे कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का साथ मिला है। मदन दिलावर ने कहा कि वे किरोड़ी लाल मीणा को छात्र जीवन से जानते हैं। जब किरोड़ीलाल बीकानेर मेडिकल काॅलेज में पढ़ाई कर रहे थे, उस समय वे खुद भी पाॅलिटेक्निक काॅलेज में पढ़ते थे। मंत्री ने आगे कहा कि उन्होंने किरोड़ीलाल को बड़े करीब से देखा है और उनकी ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता है। मंत्री ने आगे कहा कि यदि किरोड़ी लाल मीणा बेईमान है तो मैं भी ईमानदार नहीं हूं।
सरकार की जीरो टोलरेंस पाॅलिसी का परिणाम
मदन दिलावर ने आगे कहा कि एसीबी की कार्रवाई बीजेपी सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टोलरेंस पाॅलिसी का प्रमाण पत्र है। सरकार किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी, चाहे वो कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो। अगर वह दोषी पाया जाता है तो कार्रवाई होना तय है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग और बीज निगम से जुड़े लोगों पर अगर कार्रवाई हुई है तो यह सरकार की जीरो टोलरेंस पाॅलिसी का परिणाम है।
वहीं मदन दिलावर ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को अपने शासनकाल के मामलों का जवाब देना चाहिए। इस दौरान मंत्री ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मंत्री महेश जोशी के विभागों में हुए घोटालों पर भी सवाल उठाए।
अशोक गहलोत ने की निष्पक्ष जांच की मांग
बता दें कि बीज निगम के अध्यक्ष जुगल किशोर बिश्नोई और उनके सहयोगी पर हुई कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। एक तरफ सरकार इस मामले में खुद की पीठ थपथपा रही है तो वहीं दूसरी ओर पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। गहलोत ने कहा कि किसानों से जुड़े इस घूसकांड की कड़ियां ऊपर तक जुड़ी है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आ सकेगी।
इस लिंक को शेयर करें

