'पंचायत चुनाव के बाद होंगे शिक्षकों के तबादले...', शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गहलोत-डोटासरा पर साधा निशाना

राजस्थान के शिक्षा और पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर इन दिनों सुर्खियों में हैं। तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले को लेकर उनकी लगातार आलोचना हो रही है। इस बीच उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों के बाद तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले किए जाएंगे। उन्होंने पूर्व सीएम अशोक गहलोत और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पर जमकर निशाना साधा है। दिलावर ने कहा कि कांग्रेस की हालत खिसियानी बिल्ली खंभा नोचने जैसी हो गई है।
कांग्रेस ने शिक्षा का बंटाधार किया
शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा पहुंचे मदन दिलावर ने कहा कि राजस्थान में शिक्षा और विकास के काम कांग्रेस के नेताओं को चुभ रहे हैं इसलिए ये लोग व्यक्तिगत हमला कर रहे हैं। दिलावर ने कहा कि कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था का बंटाधार कर दिया है। अंग्रेजी माध्यम के नाम सिर्फ जनता को धोखा दिया। वहीं पेपर लीक को लेकर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि गहलोत राज में जमकर पेपर बेचे गए और धन कमाया गया।
सरकार चुनाव के लिए तैयार
वहीं पंचायत चुनावों को लेकर कहा कि ओबीसी आयोग ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है और राज्य सरकार चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। अब चुनाव आयोग जल्द ही नोटिफिकेशन जारी करेगा। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दिलावर ने कहा कि यह अवसर गौसेवा, प्रकृति संरक्षण और ग्राम विकास को धरातल पर साकार होते देखना भावपूर्ण अवसर रहा। इस मौके पर जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, प्रधान कौशल्या शर्मा, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल समेत कई नेता मौजूद रहे।
इस लिंक को शेयर करें

