कोटा में महंत देवानंद महाराज की हत्या, हिंदू संगठनों ने पुलिस को दी चेतावनी, की ये मांग

Mahant Devanand Maharaj Murder: राजस्थान के कोटा से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में स्थित चंद्रेसल गांव में एक धार्मिक मठ के महंत देवानंद महाराज की शुक्रवार रात को अज्ञात हमलावरों ने हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद से मठ से जुड़े लोगों में घटना को लेकर गहरा रोष है। घटना के बाद रात में ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महंत को महाराव भीमसिंह हाॅस्पिटल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने महंत के शव को मोर्चरी में रखवाया है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महंत देवानंद रोजाना की तरह मठ के अंदर विश्राम कर रहे थे। इस दौरान रात में कुछ हमलावर मठ के अंदर बने महंत के कमरे तक पहुंचे और महंत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद बचने के लिए महंत ने गुहार लगाई तो आवाज सुनकर आसपास के लोग और मठ में रहने वाले शिष्य मदद को दौड़े। पुलिस ने बताया कि बदमाश इतने शातिर थे कि उन्होंने मठ में बने अन्य कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे।
अतिरिक्त जाब्ता तैनात
हमले के बाद महंत ने मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगाई। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची ग्रामीणों की मदद से महंत को हाॅस्पिटल लेकर गई लेकिन अत्यधिक खून बहने की वजह से उन्होंने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामले को लेकर एसपी के निर्देश पर एफएसएल और डाॅग स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया है और साक्ष्य इकट्ठा किए गए। इसके अलावा पुलिस सीसीटीवी भी खंगाल रही है।
वहीं इस घटना के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए पुलिस से आरोपियों को जल्द से जल्द अरेस्ट करने की मांग की है। वहीं स्थिति को देखते हुए मठ और हाॅस्पिटल के बाहर अतिरिक्त पुलिस जाब्ते की तैनाती की गई है।
ये भी पढ़ें:मैंने अपना काम कर दिया…राहुल गांधी के राजस्थान दौरे के बाद ऐसा क्यों बोले गहलोत?
ये भी पढ़ें: पांचना बांध के पानी को लेकर किसानों की महापंचायत, बोले- '27 तक पानी नहीं छोड़ा तो 28 को रोकेंगे रेल'
इस लिंक को शेयर करें

