सांसद राजकुमार रोत आदिवासियों के अधिकारों पर आयोजित सम्मेलन में लेंगे हिस्सा, UN ने भेजा न्योता

Rajkumar Roat in UN tribal rights conference: संयुक्त राष्ट्र संघ में 13 से 17 जुलाई तक आदिवासियों के अधिकारों को लेकर एक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन के लिए राजस्थान की बांसवाड़ा-डूंगरपुर सीट से सांसद राजकुमार रोत को न्योता आया है। यह सम्मेलन यूएन के जिनेवा स्थित मुख्यालय में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में आदिवासियों के अधिकार और आज उनकी स्थिति कैसी है इसको लेकर चर्चा होगी।
इसकी जानकारी सांसद रोत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स के जरिए दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आप सभी के विश्वास और सहयोग से मुझे संयुक्त राष्ट्र संघ ने आदिवासी अधिकारों पर 13 जुलाई से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले विशेष मंच के 19वें सत्र जिनेवा में भारत के आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
सांसद ने मांगे सुझाव
सांसद ने आगे लिखा कि यह सिर्फ मेरा नहीं बल्कि देश के करोड़ों आदिवासियों की आवाज को विश्व पटल पर पहुंचाने का अवसर है। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि जल, जंगल, जमीन, संविधान, वनाधिकार, शिक्षा, स्वास्थय, संस्कृति, भाषा, विस्थापन या आदिवासी समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे पर सुझाव अवश्य भेजें। आपके सुझावों को यूएन के इस वैश्विक मंच पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।
विश्व आदिवासी दिवस का इतिहास
यूएन की ओर से आदिवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए हर साल 9 अगस्त को आदिवासी दिवस मनाया जाता है। बता दें कि यूएन महासभा ने दिसंबर 1994 में एक प्रस्ताव पारित कर हर साल 9 अगस्त को विश्व आदिवासी जन दिवस के रूप में मनाए जाने की आधिकारिक घोषणा की थी। यूएन महासभा ने 9 अगस्त का दिन इसलिए तय किया क्योंकि इसी दिन मानवाधिकार संवर्धन और संरक्षण उप-आयोग के अंतर्गत स्वदेशी आबादी पर गठित कार्य समूह की पहली बैठक आयोजित की गई थी।
इस लिंक को शेयर करें

