होम/rajasthan/nagaur-barood-godown-blast-two-dead-two-injured

नागौर में बारूद के गोदाम में भीषण धमाका, दो लोगों की मौत, दो गंभीर घायल, 2 KM दूर तक सुनाई दी आवाज

नागौर में बारूद के गोदाम में भीषण धमाका, दो लोगों की मौत, दो गंभीर घायल, 2 KM दूर तक सुनाई दी आवाज
राजस्थान
05 Nov 2026, 03:14 pm
रिपोर्टर : Jyoti Sharma

Nagaur Blast News: राजस्थान के नागौर जिले के बड़ली इलाके में गुरुवार सुबह बारूद के गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो और लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे बड़ली क्षेत्र में स्थित पटाखों के गोदाम में अचानक आग लग गई। इसके बाद जोरदार धमाका हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गोदाम में पोटेशियम नाइट्रेट की मदद से बारूद तैयार करने का काम किया जा रहा था।

दो लोगों की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल

इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान मोहम्मद आमिर सौरगर (28) और मुजीद सौरगर (32) के रूप में बताई जा रही है। दोनों नागौर शहर के बनबाजारवाड़ा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। हादसे में दो और लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

शुरुआती जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी को आग लगने की वजह माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नागौर कोतवाली पुलिस, प्रशासन और दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।

FSL टीम करेगी जांच, प्रशासन मौके पर

हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और मोबाइल क्राइम सीन यूनिट की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोदाम में रखे विस्फोटक पदार्थों और वहां जो काम होता है, उससे जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल हादसे ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। प्रशासन की जांच के बाद ही विस्फोट की असली वजह सामने आएगी।


इस लिंक को शेयर करें

ads

लेटेस्ट खबरें

ads
© 2026 Bharat Raftar. All rights reserved. Powered By Zentek.