ट्रेन में बिना टिकट सफ़र कर रहे अग्निवीरों से भिड़ने वाली TTE निकलीं इंटरनेशनल खिलाड़ी, जानिए कौन हैं नाजू अरोड़ा?

Train TTE Agniveer Controversy: राजस्थान में श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही सुपरफास्ट ट्रेन में दो अग्निवीरों और महिला टिकट निरीक्षक (TTE) के बीच हुआ विवाद इन दिनों चर्चा में है। ट्रेन में टिकट चेकिंग के दौरान दोनों अग्निवीरों की महिला TTE से तीखी बहस हुई। विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला TTE नाजू अरोड़ा सुर्खियों में आ गईं। लेकिन नाजू अरोड़ा की पहचान सिर्फ इस विवाद तक सीमित नहीं है। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी रह चुकी हैं और देश के लिए कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं। रेलवे में भी उन्हें कई पुरस्कार मिल चुके हैं।
कौन हैं नाजू अरोड़ा?
नाजू अरोड़ा राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की रहने वाली हैं। बचपन से ही उन्हें खेलों में रुचि थी। शुरुआत में उनका पसंदीदा खेल हॉकी था। स्कूल के दिनों में उन्होंने स्थानीय स्तर पर कई हॉकी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। हालांकि, साल 2005 में कॉलेज में दाखिला लेने के बाद उनका रुझान धीरे-धीरे पावरलिफ्टिंग की तरफ बढ़ने लगा। साल 2006 में उन्होंने पहली बार प्रदेश स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
साल 2007 में चीन के ताइवान में आयोजित एशियन पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इसी साल फ्रांस में आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भी उन्होंने हिस्सा लिया और चौथा स्थान हासिल किया। इसके बाद मई 2012 में उदयपुर में आयोजित एशियाई पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने तीसरा स्थान प्राप्त किया।साल 2014 में गोवा में आयोजित सीनियर नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुए नाजू ने महिला 72 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता।
2008 में रेलवे में मिल गई नौकरी
नाजू अरोड़ा साल 2008 में खेल कोटे से उनकी रेलवे में नियुक्ति हुई। नौकरी मिलने के बाद भी उन्होंने खेलना जारी रखा और साल 2015 तक भारतीय रेलवे की ओर से पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती रहीं। फिलहाल वे रेलवे में टिकट निरीक्षक यानी TTE के पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं।
आखिर अग्निवीरों से क्यों हुआ था विवाद?
दरअसल, श्रीगंगानगर से बीकानेर जा रही दिल्ली-सराय रोहिल्ला बीकानेर सुपरफास्ट ट्रेन में टिकट चेकिंग के दौरान दो अग्निवीर बिना टिकट यात्रा करते हुए मिले थे। नाजू अरोड़ा के मुताबिक, दोनों युवक ट्रेन के कोच में तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम चला रहे थे। इससे दूसरे यात्रियों को परेशानी हो रही थी। उन्होंने दोनों को ईयरफोन लगाने के लिए कहा और इसके बाद टिकट दिखाने को कहा। जांच में दोनों के पास वैध टिकट नहीं मिला।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि जल्दबाजी में ट्रेन पकड़ने के कारण टिकट नहीं ले पाए। नाजू अरोड़ा ने बताया कि दोनों रात में मेरठ से श्रीगंगानगर पहुंचे थे और सुबह बीकानेर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। ऐसे में उनके पास टिकट लेने का पर्याप्त समय था। नाजू अरोड़ा ने रेलवे के नियमों के मुताबिक टिकट बनाने और प्रति यात्री 500 रुपये जुर्माना देने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों अग्निवीरों और महिला TTE के बीच बहस शुरू हो गई।
चालान बनाओ, लेकिन पेनल्टी नहीं देंगे... करीब 20 मिनट तक हुआ विवाद
नाजू अरोड़ा के मुताबिक दोनों अग्निवीर पेनल्टी देने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि चालान बना दीजिए, लेकिन वे पेनल्टी नहीं देंगे। इस पर महिला TTE ने रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। विवाद बढ़ने के बाद ट्रेन के सूरतगढ़ स्टेशन पहुंचने पर RPF और GRP के जवानों को बुलाया गया। दोनों अग्निवीरों को सुरक्षा कर्मियों के सुपुर्द किया गया। बताया गया कि दोनों सूरतगढ़ आर्मी कैंट के सिग्नल विभाग में तैनात थे।
इसके बाद सेना के MCO अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सेना के अधिकारियों की तरफ से टिकट और पेनल्टी की राशि जमा करवाए जाने के बाद मामला शांत हुआ। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इस लिंक को शेयर करें

